देश

'प्रदर्शनकारियों पर फिर न करें बल प्रयोग', जंतर-मंतर पर बवाल के बीच केजरीवाल ने केंद्र सरकार से की यह खास अपील

CJP Protest: आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को केंद्र सरकार से अपील की कि वह जंतर-मंतर के पास विरोध प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न करे।

Image

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल (फोटो साभार: @ArvindKejriwal)

Photo : Twitter

CJP Protest: आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को केंद्र सरकार से अपील की कि वह जंतर-मंतर के पास विरोध प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न करे। केजरीवाल ने कहा कि ऐसी कोई भी 'गलत हरकत' महंगी साबित होगी।

दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा

उन्होंने 'एक्स' पर एक वीडियो संदेश में दावा किया कि विरोध स्थल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ आस-पास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। उन्होंने कहा, ''केंद्र सरकार से मेरी अपील है कि वह इस तरह का कोई दुस्साहस न करे।''

केजरीवाल ने केंद्र सरकार से की यह अपील

पुलिस की संभावित कार्रवाई की खबरों का जिक्र करते हुए, उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि वह उन विद्यार्थियों के ख़िलाफ सख्त कार्रवाई न करें, जो शांतिपूर्ण ढंग से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि आंदोलन को कमजोर करने की पहले की कोशिशें नाकाम रही हैं।

उन्होंने दावा किया कि विरोध स्थल से जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हटाने से आंदोलन खत्म नहीं हुआ तथा विद्यार्थियों पर आंसू गैस के इस्तेमाल से विरोध-प्रदर्शन और तेज हो गया।

केजरीवाल ने भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता को उम्मीद थी कि वह धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा का ऐलान करेंगे। उन्होंने कहा, ''नड्डा साहिब की प्रेस कॉन्फ्रेंस का सरकार और उनके टीवी वालों ने इतना माहौल बनाया। लोगों को उम्मीद थी कि वे धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का ऐलान करेंगे, लेकिन उन्होंने तो कुछ नहीं बोला। इसका मतलब मोदी जी युवाओं को हल्के में ले रहे हैं।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article