Gold and Silver Rate Today, 16 March 2023: ग्लोबल बाजार में सोने की कीमतों में तेजी का असर, घरेलू बाजार पर दिखा है। गुरूवार को सोने की कीमतों में तेजी रही। गुरुवार को सोना की कीमतों में 380 रुपये की तेजी रही। और सोने का भाव 57,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि चांदी की कीमतों में गिरावट जारी रही। चांदी 90 रुपये की गिरावट के साथ 66,535 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।
विदेशी बाजारों में कैसा हाल
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि दिल्ली के बाजार में सोने का हाजिर भाव 380 रुपये की तेजी के साथ 57,450 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,922 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी का भाव 21.61 डॉलर प्रति औंस पर अपरिवर्तित रहा।
गांधी ने कहा कि बृहस्पतिवार को एशियाई कारोबारी घंटों में कॉमेक्स (जिंस बाजार) में सोने की कीमतों में थोड़ी तेजी आई क्योंकि स्विट्जरलैंड की वित्तीय सेवा कंपनी क्रेडिट सुइस ने दुनिया भर में बैंक संकट की चिंता को फिर से बढ़ा दिया और निवेशकों ने सुरक्षित-निवेश के विकल्प के रूप में सोने की ओर रुख किया।
बुधवार को आई थी गिरावट
इसके पहले बुधवार को कमजोर वैश्विक रुख के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 310 रुपये गिरकर 57,070 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। वहीं, चांदी भी 90 रुपये की गिरावट के साथ 66,535 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई थी। इसके पहले स्विटजरलैंड के दूसरे सबड़े बैंक क्रेडिट सुइस के शेयर बुधवार को ट्रेडिंग के दौरान 25 फीसदी से अधिक गिरकर रिकॉर्ड लो लेवल पर पहुंच गए थे। इसकी वजह से पूरी दुनिया में शेयर बाजार में बिकवाली शुरू हो गई थी। हालांकि स्विस नेशनल बैंक के क्रेडिट सुइस को 54 अरब डॉलर का कर्ज देने के ऐलान के बाद बाजारों में रिकवरी देखी गई।
