Pakistan News: पाकिस्तान की एक अहम खनन परियोजना — रेको दिक (Reko Diq) को विश्व बैंक और इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन (IFC) से 700 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब ₹5,800 करोड़) का रियायती ऋण मिला है। यह निवेश पाकिस्तान के लिए एक बड़ी आर्थिक कामयाबी मानी जा रही है, जिससे देश को प्राकृतिक संसाधनों के विकास में नई दिशा मिल सकती है।
रेको दिक खनन परियोजना बलूचिस्तान प्रांत में स्थित है, जिसे खनिजों से भरपूर क्षेत्र माना जाता है। यहां से तांबा और सोना निकाला जाएगा। इस परियोजना के 2028 तक उत्पादन शुरू करने की उम्मीद है।
रिपोर्टों के अनुसार, विश्व बैंक और IFC के समर्थन के बाद इस परियोजना में निजी क्षेत्र से लगभग 2.5 अरब डॉलर का निवेश आने की संभावना है। इससे पाकिस्तान के खनिज क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
बैरिक गोल्ड और सरकार की संयुक्त हिस्सेदारी
इस परियोजना में कनाडा की बैरिक गोल्ड कंपनी, पाकिस्तान सरकार और बलूचिस्तान सरकार की संयुक्त भागीदारी है। इससे यह परियोजना सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) का एक सफल उदाहरण बन सकती है।
अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया आधार
रेको दिक परियोजना से न केवल पाकिस्तान की विदेशी मुद्रा आय में इज़ाफा होगा, बल्कि स्थानीय रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही यह पहल देश की खनिज नीति और निवेश माहौल को बेहतर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो सकती है।
भाषा इनपुट के साथ
