FASTag Annual Pass Fraud: एनएचएआई (National Highways Authority of India) ने राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए एक चेतावनी जारी की है। अगर आप भी हाइवे पर गाड़ी दौड़ाते हैं तो इस चेतावनी को नजरअंदाज न करें। एनएचएआई की ओर से लोगों को ऐसी नकली वेबसाइटों और अनधिकृत लिंक से सावधान रहने के लिए कहा गया है, जो FASTag Annual Pass बेचने का दावा कर रहे हैं। NHAI के अनुसार, इस तरह की कई फर्जी वेबसाइटें और प्लेटफॉर्म लोगों को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।
Rajmargyatra App का ही करें इस्तेमाल

FASTag (Photo: X handle/@NHAI_Official)
NHAI ने साफ किया है कि FASTag Annual Pass केवल आधिकारिक Rajmargyatra App के माध्यम से ही खरीदा जा सकता है। इसके अलावा किसी भी अन्य वेबसाइट, ऐप या लिंक के जरिए यह पास खरीदना पूरी तरह असुरक्षित और अनधिकृत है। इसलिए अगर कोई प्लेटफॉर्म आपको FASTag पास बेचने का दावा करता है, तो ऐसे प्लेटफॉर्म पर ठगी के शिकार हो सकते हैं।
FASTag Annual Pass के नाम पर न हो जाए ठगी
आज के डिजिटल दौर में ऑनलाइन फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। साइबर ठग अक्सर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का नाम लेकर लोगों को भ्रमित करते हैं। FASTag Annual Pass जैसी सुविधाएं, जो सीधे आम जनता से जुड़ी होती हैं, धोखाधड़ी करने वालों के लिए आसान निशाना बन जाती हैं। इसलिए जरूरी है कि लोग सतर्क रहें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।
इस तरह के फ्रॉड से बचने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। सबसे पहले, किसी भी लिंक या वेबसाइट पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें। अगर कोई ऑफर बहुत सस्ता या आकर्षक लग रहा है, तो वह फर्जी भी हो सकता है। इसके अलावा, कभी भी अपनी बैंकिंग जानकारी, OTP या व्यक्तिगत डिटेल्स किसी अनजान प्लेटफॉर्म पर साझा न करें।
डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित तरीके से करें इस्तेमाल
NHAI की इस चेतावनी का मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है ताकि वे सुरक्षित तरीके से डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल कर सकें। FASTag जैसी सेवाएं यात्रा को आसान और तेज बनाती हैं, लेकिन इनके नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचना भी उतना ही जरूरी है।
