बिजनेस

मारुति की गाड़ियों की रिकॉर्ड बिक्री, लेकिन मुनाफे में 26% की गिरावट, जानें क्यों?

देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में झटका लगा है। कंपनी के मुनाफे में बड़ी गिरावट आई है।

Image

मारुति

देश की सबसे बड़ी ऑटो कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 26.36 प्रतिशत घटकर 2,466.1 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, तिमाही के दौरान वाहनों की रिकॉर्ड बिक्री से कंपनी का राजस्व बढ़ा है। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में कंपनी का शुद्ध’ लाभ 3,349 करोड़ रुपये रहा था। वाहन विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जुलाई-सितंबर में परिचालन से कुल राजस्व बढ़कर 53,355.5 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2025-26 की इसी अवधि में 42,344.2 करोड़ रुपये था।

कंपनी का खर्च तेजी से बढ़ा

समीक्षाधीन तिमाही में उसका कुल खर्च भी बढ़कर 50,619 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 39,018.4 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा कि उसने 6,96,654 वाहनों की अब तक की सबसे अधिक तिमाही बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 26.5 प्रतिशत अधिक है। घरेलू यात्री वाहन बाजार में कंपनी की वृद्धि व्यापक रही। छोटी कारों की बिक्री में 35.9 प्रतिशत और एसयूवी की बिक्री में 68.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। हाल में पेश की गई कंपनी की एसयूवी को बाजार में अच्छी प्रतिक्रिया मिली और उन्होंने इस मजबूत वृद्धि में योगदान दिया।

भारतीय बाजार में हिस्सेदारी बढ़ी

मारुति सुजुकी इंडिया ने कहा कि घरेलू बाजार में उसकी हिस्सेदारी 2.2 प्रतिशत अंक बढ़कर 40.8 प्रतिशत हो गई। कंपनी ने कहा कि निर्यात बाजारों में चुनौतीपूर्ण वैश्विक स्थिति के बावजूद कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 1,08,119 वाहनों का निर्यात कर सकी, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में यह आंकड़ा 1,10,487 वाहन था।

बजाज ऑटो का लाभ 35 प्रतिशत बढ़ा

बजाज ऑटो का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 35 प्रतिशत बढ़कर 3,354 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 2,480 करोड़ रुपये का एकल शुद्ध लाभ दर्ज किया था। मोटर वाहन विनिर्माता कंपनी ने मंगलवार को बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का परिचालन से राजस्व 34 प्रतिशत बढ़कर 20,003 करोड़ रुपये हो गया जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 14,922 करोड़ रुपये था। बजाज ऑटो ने बयान में कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) सालाना आधार पर 3,052 करोड़ रुपये से 37 प्रतिशत बढ़कर 4,172 करोड़ रुपये हो गई।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article