Supreme Court highway parking ban: देश में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़ा और सख्त फैसला लिया है। अब राष्ट्रीय राजमार्गों (हाईवे) पर ट्रक (Truck) और अन्य भारी वाहनों की पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाना और दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
हाइवे पर नहीं खड़ा होगा भारी वाहन
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, अब कोई भी भारी या कमर्शियल वाहन हाईवे की मुख्य सड़क (carriageway) या उसके किनारे (shoulder) पर खड़ा नहीं किया जा सकेगा। केवल निर्धारित पार्किंग जोन, जैसे ले-बाय (lay-by) या अधिकृत वे-साइड सुविधाओं पर ही वाहन रोकने की अनुमति होगी।
हाईवे पर खड़े ट्रक सड़क हादसों का कारण
दरअसल, हाईवे पर खड़े ट्रक (Truck Parking) सड़क हादसों का एक बड़ा कारण माने जाते हैं। खासकर रात के समय, जब विजिबिलिटी कम होती है, तब तेज रफ्तार वाहन इन खड़े ट्रकों से टकरा जाते हैं। कोर्ट ने यह भी बताया कि भारत में राष्ट्रीय राजमार्ग कुल सड़कों का सिर्फ लगभग 2% हिस्सा हैं, लेकिन यहां करीब 30% सड़क दुर्घटनाएं होती हैं।

Truck Parking (Photo: iStock)
इस नियम को लागू करने के लिए कोर्ट ने टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल पर जोर दिया है। इसमें Advanced Traffic Management System (ATMS), GPS आधारित निगरानी और ई-चालान सिस्टम शामिल हैं। इनकी मदद से नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी और निगरानी भी मजबूत होगी।
हाईवे के किनारे हो रहे अवैध निर्माण पर भी सख्ती
इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट ने हाईवे के किनारे हो रहे अवैध निर्माण पर भी सख्ती दिखाई है। नए ढाबों या अन्य कमर्शियल ढांचों को बनाने पर रोक लगाई गई है और पहले से बने अवैध ढांचों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
कोर्ट ने सभी संबंधित एजेंसियों जैसे राज्य सरकार, पुलिस, और नेशनल हाईवे अथॉरिटी को निर्देश दिया है कि वे इन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। इसके लिए हर जिले में हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स बनाने की भी बात कही गई है, जो निगरानी और सुधार के काम करेगी।
हाईवे नहीं बनेगा खतरे का कॉरिडोर
इस फैसले के पीछे साफ संदेश है कि हाईवे को खतरे का कॉरिडोर बनने से रोकना जरूरी है। अगर इन नियमों का सही तरीके से पालन किया गया, तो सड़क हादसों में काफी कमी आ सकती है और यात्रियों की सुरक्षा पहले से बेहतर हो सकती है।
यह फैसला सड़क सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ा कदम है। अब ट्रक ड्राइवरों और ट्रांसपोर्ट कंपनियों को भी नियमों का पालन करते हुए केवल तय जगहों पर ही वाहन रोकना होगा, जिससे हाईवे यात्रा ज्यादा सुरक्षित और सुगम बन सकेगी।
