1 फरवरी से देश में बदल जाएंगे ये 5 नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 30, 2022, 02:40 PM IST

Rules Changing From 1 February 2022: किसी भी अनचाही परेशानी से बचने के लिए आपको अगले महीने से होने वाले बदलावों पर ध्यान देना चाहिए। इन बदलावों से आपकी जिंदगी पर सीधा असर पड़ेगा।

1 फरवरी से देश में बदल जाएंगे ये 5 नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर
Photo Credit: BCCL

New Rules: हर महीने की तरह फरवरी महीने में भी देश में कई बदलाव होने जा रहे हैं। इनका असर सीधे आपके जीवन पर पड़ेगा। इसलिए आपके लिए इसके बारे में जानना जरूरी है। इन पर आपको नजर रखनी चाहिए, क्योंकि इससे आपकी जेब ढीली हो सकती है। देश में 5 बड़े बदलाव हो रहे हैं।

SBI बदल रहा है पैसा ट्रांसफर करने का नियम
अगले महीने से भारतीय स्टेट बैंक (SBI) पैसा ट्रांसफर करने के नियमों में बड़ा बदलाव कर रहा है। देश में सार्वजनिक क्षेत्र का सबसे बड़ा बैंक अपनी बैंक शाखाओं में किए गए तत्काल भुगतान सेवा (IMPS) का चार्ज बढ़ा रहा है। एसबीआई की वेबसाइट के अनुसार, 1 फरवरी 2022 से आईएमपीएस लेनदेन के लिए एक नया स्लैब जोड़ा गया है। अब बैंक 2 लाख रुपये से 5 लाख रुपये के बीच IMPS के जरिए पैसा ट्रांसफर करने पर 20 रुपये के साथ GST वसूलेगा।

बैंक ऑफ बड़ौदा बदल रहा है चेक से जुड़ा नियम
बैंक ऑफ बड़ौदा भी ग्राहकों के लिए नियम में बदलाव कर रहा है। 1 फरवरी से चेक क्लीयरेंस (cheque clearance rule) से जुड़े नियम बदल रहे हैं। अगले महीने से चेक पेमेंट के लिए कंफर्मेशन अनिवार्य होगा। अगर कंफर्मेशन नहीं होता है तो चेक वापस कर दिया जाएगा। इसे पॉजिटिव पे कंफर्मेशन का नाम दिया गया है। नए नियम के अनुसार, अगर आपको चेक देना है, तो आपको पहले चेक से जुड़ी कुछ जरूरी जानकारी बैंक में देनी होगी। इससे ऊंची कीमतों के चेक को पास करने में परेशानी नहीं होगी।

पीएनबी ने दिखाई सख्ती 
भारतीय स्टेट बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के अलावा पंजाब नेशनल बैंक (PNB) भी अगले महीने से नियम बदल रहा है, जिसका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ेगा। इसके तहत अगर आपके अकाउंट में पैसे न होने के कारण किस्त या निवेश फेल हो जाता है, तो आपको पेनल्‍टी चुकानी होगी। इसके लिए 250 रुपये देने होंगे। मौजूदा समय में 100 रुपये की पेनल्‍टी लगती है।

बदलेंगे गैस सिलेंडर के दाम 
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां रसोई गैस (LPG Price) की कीमत में बदलाव करती है। अब देखना यह होगा कि 1 फरवरी से ग्राहकों के लिए सिलेंडर सस्ता होता है या महंगा।

पेश होगा बजट (Budget 2022)
1 फरवरी 2022 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) आम बजट पेश करेंगी। इस साल के बजट से सभी सेक्टर्स को काफी उम्मीदें हैं। अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए सरकार बड़े ऐलान कर सकती है। कोरोना वायरस महामारी के बीच इस बार का आम बजट और भी महत्वपूर्ण है।

End of Article