Gold Price Today 02 February: बजट का असर, सस्ता हुआ सोना-चांदी, जानिए 14 से 24 कैरेट का ताजा रेट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 2, 2021, 05:33 PM IST

Gold Rate Today (गोल्ड रेट आज का) 02 फरवरी 2021 : सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट हुई। जानिए सोने के 14, 18, 22, 23 और 24 कैरेट का भाव, साथ में चांदी की कीमत भी।

Gold Price Today 02 February: बजट का असर, सस्ता हुआ सोना-चांदी, जानिए 14 से 24 कैरेट का ताजा रेट
Photo Credit: BCCL

Gold/Silver price today, 02 February 2021 : बजट प्रस्तावों का असर सोना चांदी के कीमतों पर दिखाई देने लगा है। बजट में सोना और चांदी पर आयात शुल्क 12.5% से कम करके 7.5% कर दिया गया है। वहीं गोल्ड डोर बार पर सीमा शुल्क 11.85% से घटाकर 6.9% किया गया है। चांदी डोर बार पर सीमा शुल्क 11% से कम करके 6.1% कर दिया गया है। जिसकी वजह से मंगलवार (02 फरवरी) को दोनों की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में सोना 480 रुपए घटकर 47,702 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। पिछले कारोबारी दिन यह 48,182 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं चांदी 3,097 रुपए गिरकर 70,122 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया है। पिछले दिन यह 73,219 रुपए प्रति किलो ग्राम पर बंद हुआ था। वायदा बाजार में भी दोनों की कीमतों में गिरावट हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, सोना गिरावट के साथ  1,847 डॉलर औंस पर रहा। जबकि चांदी भी गिरावट के साथ 27.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट (ibjarates.com) के मुताबिक सोने की कीमत में 381 रुपए की गिरावट हुई। इसके बाद सोने का भाव 48364 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। जबकि चांदी की कीमत 2741 रुपए घटकर 70302 रुपए प्रति किलो हो गई। 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने का भाव 48360 रुपए है जबकि 22 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने का भाव 44300 रुपए है। नीचे जानिए शुद्धता के हिसाब से सोने का भाव।

धातु शुद्धता कीमत प्रति 10 ग्राम
सोना 999(24 कैरेट)  48364 रुपए
सोना 995(23 कैरेट) 48170 रुपए
सोना 916(22 कैरेट) 44301 रुपए
सोना 750(18 कैरेट) 36273 रुपए
सोना 585(14 कैरेट) 28293 रुपए
चांदी 999 70302 रुपए किलो

सोना (Gold) वायदा कीमतों में गिरावट

कमजोर हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों की कटान की जिससे वायदा कारोबार में मंगलवार को सोना 1.18% की हानि के साथ 48,146 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अप्रैल महीने में डिलिवरी वाले सोना वायदा की कीमत 574 रुपए यानी 1.18% की हानि के साथ 48,146 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई। इसमें 12,815 लॉट के लिए कारोबार किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार, न्यूयॉर्क में सोना 0.84% की गिरावट दर्शाता 1,848.30 डॉलर प्रति औंस चल रहा था।

चांदी (Silver) वायदा कीमतों में गिरावट

कमजोर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को कम किया जिससे वायदा बाजार में मंगलवार को चांदी वायदा कीमत 3,076 रुपए की गिरावट के साथ 70,590 रुपए प्रति किलो रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में चांदी के मार्च महीने में डिलीवरी वाले कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 3,076 रुपए यानी 4.18% की गिरावट के साथ 70,590 रुपए प्रति किलो रह गई जिसमें 13,880 लॉट के लिए कारोबार हुआ। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 6.01% की गिरावट के साथ 27.65 डॉलर प्रति औंस चल रहा था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज), तपन पटेल के अनुसार, अमेरिकी प्रोत्साहन पैकेज पर और ताजा ट्रिगर के अभाव में सोने की कीमतों में गिरावट आई। नवनीत दमानी, वीपी - कमोडिटीज रिसर्च, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने कहा कि केंद्रीय बजट की ड्यूटी कटौती की घोषणा के बाद, निवेशक उच्च से कुछ लाभ-बुकिंग देख रहे हैं।

End of Article