बिजनेस

Amul Price Hike: अमूल ने फिर बढ़ाए दूध के दाम, महंगाई के बीच आम आदमी की जेब का बढ़ा बोझ, जानें नई कीमत

देशभर में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। अब ग्राहकों को दूध के लिए पहले के मुकाबले प्रति लीटर 2 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। नई कीमतें 14 मई से लागू होंगी।

Image

अमूल ने एक बार फिर से बढ़ाई दूध की कीमत।

Amul Price Hike: महंगाई के समय आम आदमी को एक और बड़ा झटका लगा है। दिग्गज डेयरी को-ऑपरेटिव संस्था अमूल की तरफ से एक बार फिर से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया गया है। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) की तरफ से अमूल के 1 लीटर दूध पर 2 रुपये की कीमत बढ़ाई गई है। इस कदम का एफएमसीजी (FMCG) तथा डेयरी सेक्टर से जुड़े देश के करोड़ों आम लोगों पर सीधा असर पड़ने वाला है। हर दिन उपयोग में आने वाले इस उत्पाद की कीमतें बढ़ने से आम जनता की जेब का बोझ बढ़ने वाला है।

अमूल दूध पर बढ़ाई गई कीमतें कल यानी 14 मई से लागू होंगी। कंपनी के मुताबिक पशुओं के चारे, पैकेजिंग और अन्य खर्चों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसी वजह से दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया है। कंपनी का कहना है कि इस कदम से डेयरी कारोबार और दूध उत्पादन करने वाले किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव कम करने में भी सहूलियत मिलेगी। कंपनी का कहना है कि दूध की कीमत में 2.5-5.3% तक की बढ़ोतरी हुई है जो कि खाने पीने की दूसरी चीजों की महंगाई के मुकाबले कम है।

कल से महंगा मिलेगा अमूल दूध

अमूल की तरफ से दूध की कीमतों में की गई इस बढ़ोतरी को किसी एक राज्य या फिर किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रखा गया है बल्कि इसे राष्ट्रीय स्तर पर एक साथ लागू किया जा रहा है। अब आपको 14 मई से अपने नजदीकी जनरल स्टोर, सुपरमार्केट या फिर खुदरा बाजार में 2 रुपये प्रति लीटर महंगा अमूल दूध मिलेगा।

अमूल दूध की नई कीमतें

वैरिएंटपैकेटपुरानी कीमतनई कीमतबढ़ोतरी
ताजा500 मिली₹28₹29₹1
ताजा1 लीटर₹55₹57₹2
गाय का दूध500 मिली₹29₹30₹1
शक्ति1 लीटर₹31₹32₹1
टी स्पेशल500 मिली₹63₹66₹3
गोल्ड500 मिली₹34₹35₹1
गोल्ड1 लीटर₹68₹70₹2
भैंस का दूध500 मिली₹37₹39₹2

2025 में भी बढ़ाए थे दाम

आपको बता दें कि आखिरी बार अमूल ने पिछले साल यानी 2025 में मई के महीने में दूध की कीमतें बढ़ाईं थीं। उस समय भी कंपनी ने प्रति लीटर दो रुपये की बढ़ोतरी की थी। अब जब अमूल ने फिर से कीमतें बढ़ा दी हैं तो आने वाले समय में दूसरी चीजों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article