8th Pay Commission : केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए अच्छी खबर यह है कि 8वें केंद्रीय वेतन आयोग (8th Central Pay Commission) ने अपना काम शुरू कर दिया है। हालांकि 8वें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी (Salary Hike) का फायदा मिलने में अभी लंबा समय लग सकता है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि नई सिफारिशें लागू होने में 2027 तक का समय लग सकता है। सरकार हर 10 साल में नया वेतन आयोग बनाती है, जो केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की सैलरी, भत्तों और पेंशन ढांचे की समीक्षा करता है। इसी क्रम में नवंबर 2025 में 8वें वेतन आयोग का गठन किया गया था। आयोग की अध्यक्ष पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज रंजना प्रकाश देसाई को बनाया गया है। इसके अलावा प्रोफेसर पुलक घोष और सदस्य-सचिव पंकज जैन भी इसमें शामिल हैं।
करीब 1.15 करोड़ लोगों पर पड़ेगा असर
8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का असर करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और करीब 65 लाख पेंशनभोगियों पर पड़ेगा। इसमें रक्षा, रेलवे और अन्य केंद्रीय विभागों के कर्मचारी और रिटायर्ड कर्मचारी भी शामिल हैं। ऐसे में देशभर के सरकारी कर्मचारी इस आयोग की सिफारिशों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
सुझाव और बैठकों का दौर जारी
8वें वेतन आयोग ने मार्च 2026 से कर्मचारियों, यूनियनों और विभिन्न संगठनों से सुझाव और ज्ञापन लेना शुरू कर दिया है। सुझाव भेजने की अंतिम तारीख 31 मई तय की गई है। इसके बाद आयोग अलग-अलग राज्यों में कर्मचारी संगठनों, मंत्रालयों, पेंशन संगठनों और श्रमिक प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कर रहा है। अप्रैल में पहली बैठकों की शुरुआत हुई थी, जबकि मई और जून में भी कई अहम बैठकें तय हैं। इन बैठकों का मकसद सभी पक्षों की राय लेना है ताकि वेतन, भत्ते और पेंशन को लेकर संतुलित और व्यावहारिक फैसला लिया जा सके। आयोग यह भी देखेगा कि मौजूदा महंगाई, कर्मचारियों की जरूरतें और सरकारी खर्च के बीच कैसे संतुलन बनाया जाए।
क्यों लग रहा है इतना समय?
कई लोगों के मन में सवाल है कि आखिर नई सैलरी लागू होने में इतना समय क्यों लग रहा है। दरअसल, वेतन आयोग की प्रक्रिया काफी लंबी और जटिल होती है। आयोग को पहले लाखों कर्मचारियों और संगठनों से सुझाव लेने होते हैं। इसके बाद अलग-अलग विभागों के वेतन ढांचे, भत्तों और पेंशन व्यवस्था का अध्ययन किया जाता है। फिर आयोग सभी आंकड़ों का विश्लेषण करके अपनी सिफारिशें तैयार करता है। इसके बाद रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपी जाती है। सरकार इन सिफारिशों की समीक्षा करती है और फिर मंजूरी के बाद उन्हें लागू किया जाता है। यही वजह है कि पूरी प्रक्रिया में कई महीने लग जाते हैं।
फरवरी 2027 तक आ सकती है रिपोर्ट
सरकारी योजना के अनुसार आयोग को गठन के करीब 18 महीने के भीतर अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपनी है। चूंकि आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था, इसलिए इसकी अंतिम सिफारिशें फरवरी 2027 तक आने की संभावना है। इसके बाद ही सरकार नई सैलरी और पेंशन लागू करने पर फैसला लेगी।
कर्मचारियों की उम्मीदें बढ़ीं
सरकारी कर्मचारियों को उम्मीद है कि 8वां वेतन आयोग महंगाई को देखते हुए वेतन में बड़ा इजाफा कर सकता है। खासतौर पर फिटमेंट फैक्टर और महंगाई भत्ते (DA) को लेकर कर्मचारियों में काफी चर्चा है। हालांकि, अंतिम फैसला आयोग की सिफारिशों और सरकार की मंजूरी के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल, कर्मचारियों और पेंशनर्स को नई सैलरी का लाभ पाने के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
