शहर

Saharanpur: तीन दिन से लापता किशोरी का गंगनहर में मिला शव, परिजनों का थाने में भारी हंगामा; आरोपी गिरफ्तार

Saharanpur News: सहारनपुर के बड़गांव में तीन दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव गंगनहर से बरामद हुआ है। परिजनों और हिंदू संगठनों ने दूसरे समुदाय के युवक पर हत्या का आरोप लगाया है।

Image

गंगनहर में 8 किमी दूर तैरती मिली लापता अंतिम की लाश

Photo : Times Now Digital

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना बड़गांव क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। तीन दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 15 वर्षीय किशोरी का शव शुक्रवार को गंगनहर से बरामद किया गया है। किशोरी का शव मिलने के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले में परिजनों और दक्षिणपंथी संगठन के कार्यकर्ताओं ने दूसरे समुदाय के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

8 जुलाई को घर से अचानक हुई थी लापता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़गांव क्षेत्र के गांव बेलड़ा निवासी मुनेश की 15 वर्षीय बेटी अंतिम 8 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे घर से अचानक लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने बड़गांव थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अगले दिन बेलड़ा गंगनहर पुल के नीचे किशोरी की चप्पलें पानी में तैरती हुई मिली थीं, जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों ने नहर में उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

चप्पल मिलने की जगह से 8 किलोमीटर दूर मिला शव

शुक्रवार दोपहर को इस मामले में उस वक्त नया मोड़ आया जब पुलिस को शव मिलने की सूचना मिली। शुक्रवार दोपहर गांव बडूली के पास विद्युत निगम के कर्मचारियों ने गंगनहर में एक शव उतराता हुआ देखा और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान परिजनों ने की। चप्पल मिलने के स्थान और शव मिलने के स्थान के बीच करीब 8 किलोमीटर की दूरी थी।

थाने पर प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई

शव मिलने के बाद शुक्रवार शाम को पीड़ित परिजन बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ बड़गांव थाने पहुंचे। परिजनों ने दूसरे समुदाय के एक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने, उसकी हत्या करने और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को नहर में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया। इस दौरान थाने परिसर में काफी देर तक हंगामा और नारेबाजी होती रही।

सीओ देवबंद अमित सिंह ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम घटनास्थल के साक्ष्य और अन्य तकनीकी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article