बिजनेस

8th Pay Commission: क्या आपको पता है 6वें और 7वें वेतन आयोग में कितनी बढ़ी थी सैलरी? यहीं से लगाइए 8वें का अनुमान

8th Pay Commission Salary Hike: 8वें वेतन आयोग के लागू होने के साथ, सरकारी कर्मचारियों को सैलरी में बड़ी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। पेंशनर्स को भी उम्मीद है कि उन्हें अच्छा फिटमेंट फैक्टर मिलेगा ताकि भविष्य में उन्हें एरियर और पेंशन की अच्छी रकम मिल सके। हालांकि, कर्मचारियों और पेंशनर्स के पेआउट में कितनी बढ़ोतरी होगी, यह तभी पता चलेगा जब केंद्र सरकार फिटमेंट फैक्टर पर फैसला लेगी।

Image

8वें वेतन आयोग

8th Pay Commission Salary Hike: केंद्र सरकार में काम करने वाले लाखों कर्मचारी 8वें वेतन आयोग का ब्रेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आज यानी 31 दिसंबर, 2025 को 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल खत्म हो रहा है। वैसे तो 1 जनवरी से नया वेतन आयोग लागू होने की संभावना बिल्कुल नहीं है क्योंकि आयोग ने अपनी रिपोर्ट अभी तक सरकार को नहीं सौपी है। हालांकि, इस बीच सैलरी और पेंशन को लेकर कायास जरूर लगाए जा रहे हैं। हां, यह जरूर है कि नए वेतन आयोग लागू होने पर सरकार अपने कर्मचारियों को नए साल से एरियर जोड़ कर दे सकती है। खैर, आज हम आपको बता रहे हैं कि 6वें और 7वें वेतन आयोग के दौरान सरकारी कर्मचारियों की सैलरी में कितनी बढ़ोतरी हुई थी। इससे 8वें वेतन आयोग के लिए अनुमान लगाना आसान होगा। आइए आपको पूरी जानकारी देते हैं।

छठे वेतन आयोग में सैलरी बढ़ोतरी

आपको बता दें कि छठे वेतन आयोग में, 1.92 फिटमेंट फैक्टर के कारण बेसिक पे में 1.92 गुना बढ़ोतरी हुई थी। न्यूनतम बेसिक पे 5वें वेतन आयोग में 3,200 रुपये से बढ़कर 7,440 रुपये हो गया था, जबकि अधिकतम बेसिक पे 5वें वेतन आयोग में 30,000 रुपये से बढ़कर 90,000 रुपये हो गया था

सातवें वेतन आयोग में सैलरी बढ़ोतरी

7वें वेतन आयोग के लिए फिटमेंट फैक्टर 2.57 था, इसलिए बेसिक सैलरी और पेंशन में भी 2.57 गुना बढ़ोतरी हुई थी। न्यूनतम बेसिक सैलरी 7,440 रुपये से बढ़कर 18,000 रुपये हो गई, जबकि अधिकतम सैलरी 90,000 रुपये से बढ़कर 2,50,000 रुपये हो गई।

अब 8वें वेतन आयोग से क्या है उम्मीद?

8वें वेतन आयोग के लिए, एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि फिटमेंट फैक्टर 1.8 और 2.86 के बीच होगा (सटीक आंकड़े अभी आधिकारिक तौर पर नोटिफाई नहीं किए गए हैं)। ज्यादा फैक्टर का मतलब है बेसिक सैलरी में ज़्यादा बढ़ोतरी। उदाहरण के लिए, मान लीजिए कि 8वें वेतन आयोग के लिए फिटमेंट फैक्टर 2.15 है।

ऐसे में किसी कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है। अगर 8वें वेतन आयोग में 2.15 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया जाता है, तो रिवाइज्ड या अनुमानित बेसिक सैलरी मौजूदा बेसिक सैलरी को 2.15 से गुणा करके कैलकुलेट की जाएगी।

यानी 18,000 रुपये × 2.15 = 38,700 रुपये

इसका मतलब है कि अगर फिटमेंट फैक्टर 2.15 तय किया जाता है, तो जो कर्मचारी अभी 18,000 रुपये बेसिक सैलरी कमाता है, उसकी रिवाइज्ड बेसिक सैलरी बढ़कर 38,700 रुपये हो सकती है।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article