बिजनेस

2026 फाइनेंशियल कैलेंडर: इस साल की अहम तारीखें अभी कर लें नोट, टैक्स से लेकर निवेश की होगी बिंदास प्लानिंग

नया साल आपकी जिंदगी को बेहतर बनाने का मौका लेकर आता है। आप पहले से टैक्स प्लानिंग, निवेश, बचत और सालभर के खर्चों की योजना बनाकर न सिर्फ पैसा बचा सकते हैं, बल्कि आर्थिक तनाव से भी छुटकारा पा सके हैं। 2026 का फाइनेंशियल कैलेंडर आपको समय पर सही फैसले लेने में मदद करेगा।

Image

2026 की ये तारीखें डायरी में लिख लें

आज से नए साल की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही फाइनेंशियल कैलेंडर में कई अहम बदलाव हो गए हैं। हम आपको 2026 की अहम तारीखों की जानकारी दे रहे हैं। इनको आप अभी से नोट कर लें। ऐसा कर आप 2026 में टैक्स सेविंग, इन्वेस्टमेंंट, और दूसरी जरूरी अनुपालन (Compliance) आसानी से कर पाएंगे। अगर आप ऐसा नहीं करेंगे तो कई जरूरी काम छूट सकते हैं या अंतिम समय में करना पड़ सकता है। इससे आपको नुकसान हो सकता है। इसलिए बचने के लिए इस वित्तीय कैलेंडर को जरूर नोट करें।

साल की शुरुआत टैक्स प्लानिंग से करें

साल की शुरुआत में सबसे ज़रूरी काम है टैक्स प्लानिंग और टैक्स कंप्लायंस। अगर आपने पुराना टैक्स सिस्टम चुना है और हाउस रेंट अलाउंस (HRA), दान या 80C के तहत टैक्स छूट का दावा करना चाहते हैं, तो जनवरी महीने में ही उससे जुड़े सभी दस्तावेज अपने कंपनी को जमा कर देना चाहिए। इससे बाद में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकता है।

1 फरवरी को पेश होगा बजट

1 फरवरी को पेश होने वाला आम बजट भी आपकी टैक्स रणनीति में अहम भूमिका निभाता है। बजट में घोषित किसी भी बदलाव को ध्यान से समझना जरूरी है, खासकर तब जब आप पुराने और नए टैक्स सिस्टम के बीच चयन करने वाले हों। बिना पूरी जानकारी के टैक्स बचाने के नाम पर जल्दबाजी में निवेश करना नुकसानदायक साबित हो सकता है।

मार्च के अंत तक चुका दें एडवांस टैक्स

मार्च के मध्य तक एडवांस टैक्स की अंतिम किस्त चुकानी होती है, जबकि 31 मार्च तक पिछले वित्तीय वर्ष से जुड़े सभी दस्तावेज और फाइलिंग पूरी कर लेनी चाहिए। समय पर यह प्रक्रिया पूरी करने से न केवल पेनाल्टी से बचाव होता है, बल्कि टैक्स कानूनों के तहत मिलने वाली पूरी छूट का लाभ भी मिलता है।

1 अप्रैल से डिजिटल लेनदेन के नियमों में बड़ा बदलाव

1 अप्रैल से डिजिटल लेनदेन के नियमों में बड़ा बदलाव लागू होगा। UPI, कार्ड, वॉलेट और नेट बैंकिंग जैसे सभी घरेलू ट्रांजैक्शन के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अनिवार्य होगा, हालांकि छोटे कॉन्टैक्टलेस लेनदेन को इससे छूट मिलेगी। ऐसे में बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी को अपडेट रखना बेहद ज़रूरी है।

अप्रैल का महीना निवेश के लिए अहम

निवेश के लिहाज से अप्रैल का पहला सप्ताह (1 से 5 अप्रैल) बेहद अहम माना जाता है। इस दौरान पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) में एकमुश्त निवेश करने से पूरे साल का ब्याज मिलता है। वरिष्ठ नागरिक और अन्य पात्र व्यक्ति अप्रैल में ही फॉर्म 15G/15H जमा कराकर ब्याज आय पर अनावश्यक TDS कटौती से बच सकते हैं।

19 अप्रैल को अक्षय तृतीया

अप्रैल में ही अक्षय तृतीया (19 अप्रैल) जैसे पारंपरिक अवसर आते हैं, जब सोने की खरीदारी की जाती है। हालांकि, विशेषज्ञ मानते हैं कि परंपरा के साथ-साथ वित्तीय समझदारी बनाए रखना भी ज़रूरी है।

15 जून के बाद TDS सर्टिफिकेट मिलेंगे

जून-जुलाई का समय इनकम टैक्स रिटर्न फाइलिंग के लिए होता है। 15 जून के बाद TDS सर्टिफिकेट और AIS अपडेट होते ही रिटर्न दाखिल करना बेहतर रहता है। विदेशी संपत्तियों को लेकर टैक्स विभाग सख्त रुख अपना रहा है, इसलिए शेड्यूल FA के तहत सही घोषणा करना अनिवार्य है।

इन बातों का भी रखें ख्याल

टैक्स और निवेश के अलावा यात्रा खर्च भी आज की ज़िंदगी का अहम हिस्सा है। गर्मियों और त्योहारों के मौसम में यात्रा की योजना पहले से बनाने से खर्च और तनाव दोनों कम हो सकते हैं। छोटे लेकिन समय पर लिए गए फैसले—चाहे वह TDS का मिलान हो या लॉन्ग वीकेंड की प्लानिंग—2026 को एक व्यवस्थित और आर्थिक रूप से संतुलित साल बना सकते हैं।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article