बिहार

मुजफ्फरपुर: बीजेपी विधायक के PA को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, हालत स्थिर; मामले की जांच जारी

मुजफ्फरपुर के कुढ़नी से बीजेपी विधायक केदार गुप्ता के निजी सहायक विनोद दास पर गुरुवार देर रात जानलेवा हमला हुआ। मनियारी थाना क्षेत्र में दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर गोली मार दी। गोली उनके पैर में लगी और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

Image

मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना क्षेत्र की घटना

Photo : Times Now Digital

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के कुढ़नी से बीजेपी विधायक केदार गुप्ता के निजी सहायक (PA) विनोद दास पर गुरुवार देर रात जानलेवा हमला हुआ। मनियारी थाना क्षेत्र में दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर गोली मार दी। हमले के वक्त विनोद दास एक शादी समारोह से लौट रहे थे। गोली उनके पैर में लगी, जिसके बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आज शक्रवार को उनका ऑपरेशन होना है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

बदमाशों ने ओवरटेक कर मारी गोली

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दो बाइक पर सवार अपराधियों ने पहले विनोद दास की गाड़ी को ओवरटेक किया और फिर उन पर फायरिंग कर दी। शुरुआत में आसपास के लोगों को लगा कि कुछ युवक आपस में रेस कर रहे हैं, लेकिन गोली की आवाज सुनने के बाद अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल से बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलते ही विधायक केदार गुप्ता अस्पताल पहुंचे और अपने PA का हाल जाना। पुलिस को यह भी आशंका है कि बदमाश विनोद दास का पीछा कर रहे थे।

परिजनों को किसी पर शक नहीं

विनोद दास की पत्नी नीतू कुमारी ने कहा, “वो भोज में गए थे। सुबह सिर्फ इतना पता चला कि उनके पैर में गोली मारी गई है। न तो उनका किसी से विवाद था और न ही किसी बात को लेकर तनाव था। हमें अभी तक कुछ समझ नहीं आ रहा कि किसने और क्यों हमला किया।” वहीं उनकी बड़ी बहन पार्वती देवी ने भी कहा कि विनोद दास का किसी से कोई विवाद नहीं था। वह सामाजिक तौर पर सक्रिय थे और विधायक के करीबी माने जाते थे।

विनोद दास के साथी मोहम्मद अवराम आलम ने बताया कि दोनों भोज में साथ गए थे, लेकिन लौटते वक्त वे अलग-अलग निकले। “विनोद भाई का किसी से कोई विवाद नहीं था। घटना कैसे हुई, यह जांच के बाद ही पता चलेगा,” उन्होंने कहा।

राजनीति में सक्रिय रहे हैं विनोद दास

ग्रामीणों के अनुसार, विनोद दास काजीइंडा के एक शादी समारोह से लौट रहे थे। विनोद दास 2021 में अमरक पंचायत से मुखिया चुनाव लड़ चुके हैं। भाजपा संगठन में मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इस वजह से भी पुलिस किसी राजनीतिक रंजिश की संभावना को खारिज नहीं कर रही।

पुलिस की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण SP राजेश सिंह प्रभाकर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से विस्तृत जानकारी ली। ग्रामीण SP ने कहा कि पुलिस टीम वारदात वाले इलाके की छानबीन कर रही है। आसपास के CCTV कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। “जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा,” उन्होंने कहा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article