Yamaha EC-06 इलेक्ट्रिक स्कूटर भारत में लॉन्च: 1.67 लाख में मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स, जानें रेंज और स्पीड
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Feb 2, 2026, 03:27 PM IST
Yamaha EC-06: अगर आप एक नया इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदना चाह रहे हैं तो यामाहा का Yamaha EC-06 स्कूटर बेहतरीन विकल्प हो सकता है। कंपनी ने इसे प्रीमियम सेगमेंट में पेश किया है। इस नए स्कूटर को 'ब्लूइश व्हाइट' (Bluish White) कलर में लाया गया है।
यामाहा का पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर (yamaha)
Yamaha EC-06: भारतीय ऑटोमोबाइल मार्केट में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की बढ़ती मांग को देखते हुए दिग्गज टू-व्हीलर निर्माता कंपनी Yamaha ने आधिकारिक तौर पर अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर Yamaha EC-06 को भारत में लॉन्च कर दिया है। यामाहा का यह स्कूटर भारतीय बाजार में ओला इलेक्ट्रिक, एथर एनर्जी और टीवीएस जैसी कंपनियों के इलेक्ट्रिक स्कूटर को कड़ी टक्कर देने के रूप में खास माना जा रहा है। आइए जल्दी से Yamaha EC-06 की कीमत, पावर-परफॉर्मेंस और फीचर्स पर एक नजर डाल लें-
कीमत और उपलब्धता
यामाहा इंडिया ने EC-06 इलेक्ट्रिक स्कूटर की एक्स-शोरूम कीमत 1,67,600 (दिल्ली) तय की है। कंपनी ने इसे प्रीमियम सेगमेंट में पेश किया है। शुरुआत में यह स्कूटर यामाहा के खास 'ब्लू स्क्वायर' (Blue Square) डीलरशिप के जरिए चुनिंदा शहरों में ही उपलब्ध होगा। वर्तमान में कंपनी ने इसे केवल एक सिग्नेचर कलर 'ब्लूइश व्हाइट' (Bluish White) में पेश किया है।
पावर और परफॉर्मेंस
Yamaha EC-06 में 4kWh की फिक्स्ड बैटरी पैक दी गई है, जो इंटीरियर परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर (IPMSM) के साथ मिलकर काम करती है। पावर आउटपुट की बात करें तो यह मोटर 6.7 kW की पीक पावर और 26 Nm का टॉर्क जेनरेट करती है। शहर की सड़कों के हिसाब से स्कूटर की टॉप स्पीड 79 किमी प्रति घंटा है। स्कूटर को किसी भी साधारण घरेलू पावर सॉकेट से चार्ज किया जा सकता है। फुल चार्ज होने में स्कूटर को लगभग 8 घंटे का समय लगता है। नया स्कूटर 169 किमी की सर्टिफाइड राइडिंग रेंज देने का वादा करता है।
स्मार्ट फीचर्स और राइडिंग मोड्स
सफर को आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए यामाहा ने अपने न्यूली लॉन्च स्कूटर में तीन राइडिंग मोड्स दिए हैं। स्कूटर में ज्यादा रेंज के लिए Eco Mode, बैलेंस्ड परफॉर्मेंस के लिए Standard Mode और बेहतरीन पिकअप और स्पीड के लिएPower Mode की सुविधा दी गई है। इसके अलावा, पार्किंग में आसानी के लिए स्कूटर में 'रिवर्स मोड'** की सुविधा भी दी गई है। स्कूटर में कलर एलसीडी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है, जो राइडर को स्पीड, बैटरी लेवल और राइडिंग मोड्स जैसी महत्वपूर्ण जानकारी देता है।
सुरक्षा और कनेक्टिविटी
यामाहा ने भारत की चुनौतीपूर्ण मौसम स्थितियों को ध्यान में रखते हुए इसकी मोटर और बैटरी को IP67 रेटिंग दी है, जो इसे धूल और पानी से सुरक्षित रखती है। अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए IP65 रेटिंग दी गई है। कनेक्टिविटी के शौकीनों के लिए इसमें Yamaha Motor Connect R ऐप का सपोर्ट मिलता है, जिससे स्मार्टफोन के जरिए वाहन का रियल-टाइम डेटा चेक किया जा सकता है। साथ ही, इसमें 24.5 लीटर का बड़ा अंडर-सीट स्टोरेज दिया गया है, जिसमें एक हेलमेट आसानी से रखा जा सकता है।