ऑटो न्यूज़

घोड़े की थीम वाला Vespa स्कूटर, इन खूबियों की वजह से आ सकता है पसंद

Vespa 946 Horse: Vespa ने अपने ग्राहकों के लिए लिमिटेड एडिशन 946 Horse को पेश किया है, जो स्टाइल और प्रीमियम डिजाइन का बेहतरीन मिश्रण है। यह स्कूटर खासतौर पर कलेक्टर्स और Vespa प्रेमियों के लिए तैयार किया गया है, जो घोड़े की थीम पर बेस्ड है। वेस्पा का नया स्कूटर कंपनी के Lunar Collection का हिस्सा है।

Vespa 946 Horse

घोड़े की थीम वाला स्कूटर (Photo: Vespa)

Vespa 946 Horse: इटैलियन स्कूटर ब्रांड Vespa ने अपनी प्रीमियम 946 सीरीज में एक और आकर्षक लिमिटेड-एडिशन मॉडल Vespa 946 Horse को अपने ग्राहकों के लिए पेश कर दिया है। यह स्कूटर कंपनी के Lunar Collection का हिस्सा है। इससे पहले आए Dragon तथा Snake एडिशन भी इसी सीरीज के तहत पेश किए गए थे।

बेहतरीन डिजाइन

Vespa 946 Horse को bay (deep brown) रंग में तैयार कर पेश किया गया है। इस स्कूटर का स्टील मोनोकॉक बॉडी मैट और ग्लॉस की सरफेस के कॉन्ट्रास्ट के साथ आता है, जो इसे एक प्रीमियम लुक देता है। स्कूटर में गोल्ड-टोन डिटेलिंग का बेहतरीन तरीके से इस्तेमाल किया गया है, जिसमें V-आकार का मोनोग्राम खास तौर पर सैडल के नीचे एक घोड़े के नाल की तरह डिजाइन किए गए एलिमेंट में शामिल है।

लग्जरी फिनिश

इस स्पेशल एडिशन का आकर्षण इसका हैंडक्राफ्टेड इटैलियन लेदर सैडल है, जो घोड़े की सवारी के सामान (equestrian tack) से प्रेरित है। स्कूटर के हैंडलबार और रियर-व्यू मिरर पर भी लेदर ट्रिम्स दिए गए हैं, जो इसकी प्रीमियम अपील को बढ़ाने का काम करते हैं। Vespa के अनुसार ये लेदर कंपोनेंट पूरी तरह इटली में हाथ से बनाए गए हैं। स्कूटर में प्रीमियम लेदर और मेटल डिटेलिंग का इस्तेमाल इस स्कूटर को मास-मार्केट ऑफरिंग से अलग एक कलेक्टर-ओरिएंटेड मॉडल बनाती है।

एक्सेसरी पैक

946 Horse के साथ एक खास एक्सेसरी पैक भी पेश किया गया है। इसमें एक रीयर बैग शामिल है, जिसे उसी लेदर से बनाया गया है जो सैडल में इस्तेमाल हुआ है। इसके अलावा, एक एल्युमिनियम सपोर्ट वाली विंडशील्ड भी उपलब्ध है, जो स्टाइल और प्रैक्टिकलिटी दोनों जोड़ता है। Vespa ने इस मॉडल के लिए एक मैचिंग जेट हेलमेट भी पेश किया है, जिस पर पीछे की ओर गोल्ड ‘V’ एम्ब्लेम लगा हुआ है।

बिक्री और उपलब्धता

Vespa 946 Horse के लिए प्री-ऑर्डर्स 26 जनवरी 2026 से शुरू हो गए हैं। इन्हें Vespa की आधिकारिक वेबसाइट और VESPA THE EMPTY SPACE स्टोर, जो मिलान में स्थित है, पर देखा और खरीदा जा सकता है। हेलमेट को भी 10 फरवरी से सीमित मात्रा में बिक्री के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा। हालांकि, कंपनी की ओर से फिलहाल इस स्कूटर की कीमत और व्यापक बाजार उपलब्धता को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।

Vespa 946 सीरीज क्यों खास

Vespa 946 की सीरीज की बात करें तो इसे मेनस्ट्रीम लाइन-अप से अलग रखा गया है और यह हमेशा से कम वॉल्यूम, डिजाइन-फोकस्ड कलेक्टर मॉडल रही है। Horse एडिशन भी इसी रणनीति का एक हिस्सा है, जहां तकनीकी बदलावों की बजाय डिजाइन, सामग्री और एक्सक्लूसिविटी पर ध्यान दिया गया है।

शिवानी कोटनाला
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article