Tesla Model Y को कुछ दिन पहले ही भारतीय बाजार में पेश किया गया है और इसकी डिलीवरी भी शुरू हो गई है। अभी तक Tesla Model Y की चर्चा अपने लुक और परफॉरमेंस को लेकर थी लेकिन अब यह विवादों में है। अमेरिकी नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) ने कहा है कि वह 2021 मॉडल ईयर की लगभग 1.74 लाख Tesla Model Y कारों की जांच शुरू कर रहा है। यह कार्रवाई उन शिकायतों के बाद की गई है जिनमें कहा गया कि कार के इलेक्ट्रॉनिक डोर हैंडल अचानक काम करना बंद कर सकते हैं।
शिकायतें और समस्याएं
NHTSA ने बताया कि उसे ऐसे कई मामले मिले हैं जहां बाहरी दरवाजे नहीं खुल पाए। खासकर तब जब माता-पिता वाहन से बाहर निकलकर बच्चों को पीछे की सीट पर बैठाने या उतारने की कोशिश कर रहे थे। एजेंसी को 9 रिपोर्ट्स मिली हैं, जिनमें कहा गया कि दरवाजे नहीं खुलने पर वाहन तक दोबारा पहुंच संभव नहीं हुई। इनमें से 4 मामलों में माता-पिता को मजबूरन कार की खिड़की तोड़नी पड़ी ताकि वे बच्चों तक पहुंच सकें।
वापस बुलाई जा सकती हैं कारें
NHTSA का कहना है कि यह जांच एक प्रारंभिक मूल्यांकन है। यदि एजेंसी को यह समस्या गंभीर सुरक्षा खतरे के रूप में दिखती है, तो वह वाहनों को वापस बुलाने (रीकॉल) का आदेश दे सकती है। तकनीकी कारण एजेंसी का मानना है कि यह समस्या तब उत्पन्न होती है जब इलेक्ट्रॉनिक डोर लॉक को वाहन से पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलता।
मरम्मत इनवॉइस में लो-वोल्टेज बैटरी बदलने की जानकारी मिली है, हालांकि किसी भी कार मालिक ने बैटरी वॉर्निंग का संकेत पहले से देखने की शिकायत नहीं की। NHTSA ने यह भी कहा कि Tesla वाहनों में अंदर की ओर मैनुअल डोर रिलीज दी गई है, लेकिन बच्चे उन्हें न तो देख सकते हैं और न ही चला सकते हैं।
