ट्रायंफ (Triumph) मोटरसाइकिल्स भारत में अपनी नई 350cc मोटरसाइकिल रेंज पेश करने की तैयारी कर रही है, जिसकी लॉन्चिंग अगले साल मार्च तक हो सकती है। हाल ही में कंपनी के एक अधिकारी ने अपने बयान में सीधे तौर पर Triumph का नाम तो नहीं लिया, लेकिन साफ है कि बजाज ऑटो के अंतर्गत आने वाले ब्रांड्स बजाज, केटीएम और ट्रायंफ में सबसे अधिक असर ट्रायंफ पर पड़ेगा, क्योंकि इसकी सारी बाइक्स फिलहाल 350cc से ऊपर हैं। नई 350cc प्लेटफॉर्म पर बनी ट्रायंफ की स्पीड, स्क्रैम्बलर और T4 जैसे मॉडल भारत में लॉन्च होंगे। इन्हें अगले 6–8 महीनों में बाजार में उतारने की योजना है।
दरअसल, नया 350cc इंजन पूरी तरह नया नहीं है, बल्कि वही 400cc सिंगल-सिलेंडर इंजन है, जो अभी के मॉडल्स में इस्तेमाल हो रहा है। इसमें बोर (bore) को 89mm से घटाकर 83mm कर दिया जाएगा, जिससे इंजन क्षमता घटकर 349cc हो जाएगी। बाकी तकनीकी बदलावों की उम्मीद नहीं है।
इस बदलाव से इंजन का नेचर थोड़ा बदलेगा। ओवर-स्क्वेयर डिजाइन कम होने से इंजन की पावर आउटपुट थोड़ी कम होगी, लेकिन लो और मिड-रेंज टॉर्क ज्यादा स्मूद और उपयोगी साबित होगा।
फिलहाल, ट्रायंफ हर महीने लगभग 3,500 यूनिट्स अपनी 400cc रेंज की बेचती है। लेकिन नए GST स्लैब के चलते इनकी कीमतें काफी बढ़ जाएंगी, जिससे डिमांड पर असर पड़ना तय है। स्पीड T4, जो कीमत में रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 से सस्ती थी, अब महंगी हो जाएगी और इसका प्राइस एडवांटेज खत्म हो जाएगा।
ऐसे में ट्रायंफ की 400cc रेंज का क्या होगा? कंपनी इन्हें भारत में बनाना जारी रखेगी, लेकिन GST के असर के कारण इन्हें भविष्य में एक्सपोर्ट-ओनली मॉडल्स बनाया जा सकता है। भारत में इनकी जगह नई स्पीड 350, स्क्रैम्बलर 350 X/XC और नया T4 उतारे जाएंगे। इसके अलावा ट्रायंफ इसी इंजन पर आधारित एक और नई बाइक लाने की योजना बना रही है, जिसकी जानकारी बाद में साझा की जाएगी।
