ऑटो न्यूज़

भारत में चला Tesla का जादू! Model Y की बिक्री ने पार किया 1000 यूनिट्स का आंकड़ा

Tesla ने भारत में अपनी पहली कार Model Y की बिक्री को लेकर एक बड़ी सफलता हासिल कर ली है। कंपनी ने Model Y की अब तक 1000 यूनिट से ज्यादा यूनिट बेच दी हैं।

Image

टेस्ला मॉडल Y की बिकी 1000 से ज्यादा यूनिट

अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी Tesla ने भारत में अपनी पहली कार Model Y की 1000 यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। कंपनी ने सितंबर 2025 में भारतीय बाजार में एंट्री की थी और अब करीब 13 महीने में Model Y की कुल बिक्री 1,017 यूनिट तक पहुंच गई है। Vahan पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक, यह सितंबर 2025 से 2 अक्टूबर 2026 तक का बिक्री आंकड़ा है।

सितंबर में बिकी 291 यूनिट

Tesla के लिए सितंबर 2026 सबसे शानदार महीना रहा। इस दौरान कंपनी ने भारत में Model Y की 291 यूनिट बेचीं, जो अब तक की उसकी सबसे ज्यादा मंथली बिक्री है। सितंबर 2025 में कंपनी ने 69 यूनिट बेची थीं। इस तरह सालाना आधार पर बिक्री में 322 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई। वहीं अगस्त 2026 में हुई 117 यूनिट बिक्री की तुलना में सितंबर में बिक्री 149 प्रतिशत बढ़ी।

इस साल जुलाई से बढ़ी बिक्री

Tesla Model Y की बिक्री में जुलाई 2026 के बाद तेज रफ्तार देखने को मिली। जुलाई में कंपनी ने 116 यूनिट, अगस्त में 117 यूनिट और सितंबर में 291 यूनिट की बिक्री की। 1 और 2 अक्टूबर की 30 यूनिट बिक्री को जोड़ने पर जुलाई से 2 अक्टूबर के बीच कुल 554 Model Y की डिलीवरी हुई, जो भारत में Tesla की कुल बिक्री का करीब 54 प्रतिशत है।

कीमत में कटौती से बढ़ी बिक्री

बिक्री में इस तेजी की एक बड़ी वजह Model Y की कीमत में हुई कटौती भी मानी जा रही है। मई 2026 में Tesla ने Model Y Premium RWD की कीमत में 9 लाख रुपये की कमी की थी, जिसके बाद इसकी एक्स-शोरूम कीमत 50.89 लाख रुपये हो गई। भारत में Model Y को 5-सीटर और Model Y L को 6-सीटर विकल्प के तौर पर बेचा जा रहा है।

Model Y Premium के फीचर्स और रेंज

फीचर्स और रेंज की बात करें तो Model Y Premium RWD में 64kWh बैटरी पैक मिलता है। इसकी दावा की गई WLTP रेंज 500 किलोमीटर है और इलेक्ट्रिक मोटर 299hp की पावर और 420Nm का टॉर्क देती है। वहीं Model Y L में डुअल-मोटर AWD सेटअप मिलता है और इसकी दावा की गई रेंज 681 किलोमीटर है।

Tesla ने भारत में अपनी बिक्री और चार्जिंग नेटवर्क को भी बढ़ाया है। कंपनी का छठा शोरूम चेन्नई में खुल चुका है, जबकि दिल्ली, मुंबई, गुरुग्राम, बेंगलुरु और हैदराबाद में पहले से मौजूद हैं। Tesla के पास अब भारत में सात चार्जिंग स्टेशन और आठ सर्विस लोकेशन हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article