ऑटो न्यूज़

भारत में शानदार फीचर्स और दमदार रेंज के साथ शुरू हुई Tesla Model Y L की डिलीवरी

टेस्ला ने अपने भारतीय ग्राहकों के लिए Model Y L इलेक्ट्रिक एसयूवी की डिलीवरी शुरू कर दी है। यह एसयूवी 6 लोगों के बैठने की क्षमता के साथ आती है।

Image

टेस्ला मॉडल वाई एल (Photo: X Handle/@Tesla_India)

Tesla ने भारत में Model Y L इलेक्ट्रिक एसयूवी की डिलीवरी आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है। यह Tesla की भारतीय लाइनअप में शामिल होने वाला नया मॉडल है और इसे कंपनी की लोकप्रिय Model Y का अधिक बड़ा और प्रैक्टिकल एडिशन माना जा रहा है। तीन रो वाली सीटिंग और 6 लोगों के बैठने की क्षमता के साथ यह SUV खासतौर पर उन परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जो प्रीमियम इलेक्ट्रिक वाहन की तलाश में हैं। कंपनी ने देशभर में ग्राहकों को Model Y L के पहले बैच की डिलीवरी शुरू कर दी है। कंपनी भारत में अपने डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर सेल्स मॉडल के जरिए ग्राहकों तक वाहन पहुंचा रही है।

कीमत और फाइनेंस विकल्प

Tesla Model Y L की कीमत की बात करें तो इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की एक्स-शोरूम कीमत 61.99 लाख रुपये रखी गई है। इस कीमत के साथ यह भारत में उपलब्ध सबसे प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी में से एक है। अच्छी बात ये है कि कंपनी ग्राहकों को फाइनेंस विकल्प भी उपलब्ध करवा रही है, जिसमें लगभग 6.5 लाख रुपये की डाउन पेमेंट से शुरुआत की जा सकती है। वहीं मंथील ईएमआई लगभग 49,990 रुपये से शुरू हो सकती हैं, हालांकि यह स्वीकृति और अन्य शर्तों पर निर्भर करेगी।

ज्यादा स्पेस और 6-सीटर लेआउट

Model Y L, स्टैंडर्ड Model Y का लॉन्ग-व्हीलबेस वर्जन है। इसकी लंबाई 4,969 मिमी है और इसका व्हीलबेस 3,040 मिमी*रखा गया है, जो सामान्य मॉडल की तुलना में 150 मिमी अधिक है। अतिरिक्त लंबाई की वजह से टेस्ला इसमें तीन सीट रो देने में सफल रही है, जिससे यह एक 6-सीटर इलेक्ट्रिक SUV बन गई है। इस एसयूवी में दूसरी रो में कैप्टन सीट्स दी गई हैं, जो केबिन को और अधिक प्रीमियम बनाती हैं। इसके अलावा पावर्ड सीट एडजस्टमेंट, वेंटिलेशन और हीटिंग फंक्शन, पावर्ड थर्ड-रो सीट्स तथा रियर AC वेंट्स जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।

दमदार परफॉर्मेंस और लंबी रेंज

Tesla Model Y L में ड्यूल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया गया है। यह सेटअप 514 bhp की पावर और 590 Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है। इतनी बड़ी फैमिली SUV होने के बावजूद इसका प्रदर्शन काफी दमदार है। कंपनी का दावा है कि यह एसयूवी 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 5 सेकंड में पकड़ सकती है। वहीं एक बार फुल चार्ज होने पर यह 681 किलोमीटर तक की WLTP प्रमाणित ड्राइविंग रेंज प्रदान करती है। यही वजह है कि यह भारत में उपलब्ध सबसे लंबी रेंज वाली इलेक्ट्रिक SUVs में शामिल हो गई है।

Tesla के अनुसार उपयुक्त चार्जिंग परिस्थितियों में सिर्फ 15 मिनट की फास्ट चार्जिंग से लगभग 288 किलोमीटर तक की अतिरिक्त रेंज हासिल की जा सकती है।

फीचर्स और सेफ्टी

Tesla Model Y L के केबिन में बड़ा 16-इंच टचस्क्रीन, पैनोरमिक ग्लास रूफ, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, एम्बिएंट लाइटिंग, प्रीमियम ऑडियो सिस्टम, हीटेड स्टीयरिंग व्हील और कई स्ट्रीमिंग सेवाओं का सपोर्ट मिलता है। सेफ्टी के लिए एसयूवी में 9 एयरबैग, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन डिपार्चर अवॉइडेंस, ब्लाइंड स्पॉट वार्निंग सिस्टम और कई एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस फीचर्स दिए गए हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article