Tata Punch 6 Airbags: टाटा मोटर्स की पंच कॉम्पैक्ट एसयूवी भारतीय ग्राहकों को खूब पसंद आ रही है और इस कार का नया वेरिएंट जल्द लॉन्च हो सकता है। हाल में शुरू हुए भारत एनसीएपी क्रैश टेस्ट में इस बात का खुलासा हुआ है जहां 6 एयरबैग्स वाली पंच सेफ्टी रेटिंग के लिए जांची गई। यानी 6 लाख रुपये शुरुआती कीमत वाली इस कार को 6 एयरबैग्स जल्द मिलने वाले हैं। इसके अलावा कंपनी पंच का इलेक्ट्रिक वर्जन भी जल्द लॉन्च करने वाली है जिसकी टेस्टिंग लगातार जारी है। भारत एनसीएपी में इस कार को 5-स्टार रेटिंग मिल सकती है, क्योंकि ग्लोबल एनकैप ने पहले ही इसे 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग दी है।
सीएनजी वेरिएंट भी उपलब्ध
टाटा पंच सीएनजी के साथ समान 1.2-लीटर तीन-सिलेंडर इंजन दिया गया है जो पंच के पेट्रोल वेरिएंट में मिलता है। ये इंजन सीएनजी वेरिएंट में 73.3 एचपी ताकत और 103 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है, कंपनी ने इसे 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस किया है। टाटा की बाकी सीएनजी कारों की तरह पंच को भी सीएनजी पर स्टार्ट किया जा सकता है, ये फीचर मारुति सुजुकी और ह्यून्दे इंडिया की किसी कार में अब तक उपलब्ध नहीं कराया गया है। कार को 30-30 लीटर के दो सिलेंडर मिले हैं जिससे इसका बूट स्पेस काफी बढ़ गया है और ये 210 लीटर है।
एक्सटीरियर, इंटीरियर और फीचर्स
नई टाटा पंच सीएनजी के एक्सटीरियर में कोई बदलाव नहीं किया गया है, सिवाय आईसीएनजी बैज के। इसके अलावा कंपनी ने कार के इंटीरियर में भी कोई बदलाव नहीं किया है और ये मौजूदा मॉडल वाले 7-इंच टचस्क्रीन और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले कनेक्टिविटी, 16-इंच अलॉय व्हील्स, इंजन स्टॉर्ट/स्टॉप बटन, ऑटोमैटिक क्रूज कंट्रोल और ऑटोमैटिक प्रोजेक्टर हेडलैंप्स, हाइट अडजस्टेबल ड्राइवर और सनरूफ जैसे फीचर्स से लैस है। इसका सीधा मुकाबला ह्यून्दे एक्सटर सीएजी से शुरू हो गया है।
