New Small Car vs Used Big Car: अगर कार खरीदारी के लिए 5-10 लाख रुपये का बजट हो तो जेहन में एक सवाल जरूर आएगा। सवाल यही कि इस बजट में नई गाड़ी खरीद लेनी चाहिए या सेकेंड हैंड कार का ऑप्शन सही रहेगा। सेकेंड हैंड कार लेते हैं तो बड़े सेगमेंट की कार ले सकते हैं। दोनों ही ऑप्शन के फायदे और नुकसान को समझ सकते हैं, ताकि सही फैसला लेने में मदद मिल सके-
लेटेस्ट टेक्नोलॉजी और नए सेफ्टी फीचर्स
5-10 लाख रुपये के बजट में नई कार खरीदने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको निर्माता की वारंटी मिलती है। कार पहले किसी और के इस्तेमाल में नहीं रही होती और शुरुआती वर्षों में मेंटेनेंस का खर्च भी अनुमानित रहता है। इसके अलावा, नई कार में लेटेस्ट टेक्नोलॉजी और नए सेफ्टी फीचर्स मिल सकते हैं। नई कार के लोन पर ब्याज दर भी आमतौर पर पुरानी कार के मुकाबले कम होती है। इससे EMI और कुल ब्याज का बोझ कंट्रोल रखने में मदद मिल सकती है। हालांकि, नई कार खरीदते ही उसकी कीमत में शुरुआती गिरावट आती है।
पुरानी कार में मिल सकता है बड़ा मॉडल
इसी बजट में अगर आप सेकेंड हैंड कार खरीदते हैं तो आपको नई कार के मुकाबले बड़े सेगमेंट की गाड़ी मिल सकती है। उदाहरण के लिए जिस बजट में नई छोटी कार आएगी, उसी में कुछ साल पुरानी बड़ी कार ज्यादा स्पेस और फीचर्स के साथ मिल सकती है। लेकिन यहां कार की लाइफ, किलोमीटर, सर्विस हिस्ट्री, एक्सीडेंट रिकॉर्ड, इंश्योरेंस और बची हुई वारंटी जांचना जरूरी हो जाता है। खासकर 2 साल पुरानी अच्छी तरह मेंटेन कार और 5 साल पुरानी कार के बीच मेंटेनेंस के लिहाज से बड़ा अंतर हो सकता है।
पुरानी कार सस्ती, लेकिन लोन महंगा हो सकता है
पुरानी कार की खरीद कीमत कम होने के बावजूद फाइनेंसिंग महंगी पड़ सकती है। आमतौर पर यूज्ड कार लोन पर नई कार की तुलना में ब्याज दर ज्यादा और लोन अवधि छोटी हो सकती है। इससे कम कीमत वाली कार की EMI भी अपेक्षा से ज्यादा हो सकती है।
कीमत नहीं पूरी लागत देखें
अगर आपकी प्राथमिकता कम जोखिम, वारंटी और शुरुआती वर्षों में अनुमानित खर्च है, तो नई कार के विकल्प पर जा सकते हैं। वहीं, अगर आप अच्छी तरह जांची हुई कार लेने के लिए तैयार हैं और उसी बजट में बड़ा मॉडल या ज्यादा फीचर्स चाहते हैं, तो पुरानी कार ले सकते हैं। अंतिम फैसला लेते समय खरीद कीमत के साथ EMI, कुल ब्याज, इंश्योरेंस, सर्विस, रिपेयर, डेप्रिसिएशन और भविष्य की रीसेल वैल्यू को भी जोड़कर देखें।
