भारतीय दोपहिया बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग के बीच Royal Enfield ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक बाइक Flying Flea C6 की डिलीवरी शुरू कर दी है। कंपनी ने फिलहाल इसकी डिलीवरी की शुरुआत बेंगलुरु से की है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से बाइक की डिलीवरी दूसरे शहरों में भी होगी। Flying Flea C6, Royal Enfield के नए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड ‘Flying Flea’ के तहत पेश की गई पहली बाइक है।
बेंगलुरु बना पहला डिलीवरी सेंटर
कंपनी ने Flying Flea C6 के लिए बेंगलुरु को पहला डिलीवरी शहर चुना है। Royal Enfield की योजना इसे शहर-दर-शहर विस्तार देने की है। इसके साथ ही ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने के लिए कंपनी ने एक विशेष सर्विस और ओनरशिप नेटवर्क भी तैयार किया है।
बेंगलुरु के BTM Layout में एक सेंट्रल सर्विस हब बनाया गया है, जहां कॉम्प्लेक्स तकनीकी मरम्मत और स्पेशल सर्विस उपलब्ध होंगी। वहीं शहर के अलग-अलग हिस्सों में छोटे सर्विस सेंटर नियमित मेंटेनेंस और सर्विसिंग का काम संभालेंगे।
दो रंगों में उपलब्ध होगी बाइक
Royal Enfield Flying Flea C6 को दो आकर्षक रंग विकल्पों में पेश किया गया है। ग्राहक इसे Storm Black और Flea Green रंगों में खरीद सकते हैं। कंपनी का कहना है कि यह बाइक आधुनिक इलेक्ट्रिक तकनीक और Royal Enfield की विरासत का मिश्रण है।
कीमत और बैटरी सब्सक्रिप्शन मॉडल
Flying Flea C6 की एक्स-शोरूम कीमत 2.79 लाख रुपये रखी गई है। हालांकि कंपनी ने ग्राहकों के लिए Battery-as-a-Service (BaaS) मॉडल भी पेश किया है। इस विकल्प के तहत बाइक की शुरुआती कीमत 1.99 लाख रुपये हो जाती है, जबकि बैटरी के लिए अलग से सब्सक्रिप्शन शुल्क देना होगा। यह मॉडल उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो इलेक्ट्रिक व्हीकल की खरीदारी को लेकर शुरुआती लागत कम रखना चाहते हैं।
Flying Flea C6 खरीदने वाले ग्राहकों को 24x7 रोडसाइड असिस्टेंस की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा, कंपनी अपने मौजूदा Royal Enfield डीलरशिप नेटवर्क का भी इस्तेमाल करेगी। चुनिंदा शोरूम में ‘शॉप-इन-शॉप’ फॉर्मेट के तहत Flying Flea C6 को प्रदर्शित और सर्विस किया जाएगा।
Royal Enfield के लिए अहम कदम
Flying Flea C6 की डिलीवरी शुरू होना Royal Enfield के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह कंपनी की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी यात्रा की शुरुआत है और इसके जरिए Royal Enfield प्रीमियम इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है।
