ऑटो न्यूज़

3.65 लाख में लॉन्च हुई नई Royal Enfield Bullet 650; लुक ऐसा कि दिल जीत ले

अगर आप भी एक नई बुलेट बाइक लेने का प्लान बना रहे हैं तो ये जानकारी आपके काम की साबित हो सकती है। Royal Enfield ने एक नई बाइक लॉन्च कर दी है।

Image

Royal Enfield Bullet 650 (Photo: Royal Enfield)

Royal Enfield ने भारतीय बाजार में अपनी नई और सबसे दमदार बाइक Bullet 650 लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इस बाइक की शुरुआती कीमत 3.65 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी है। खास बात यह है कि यह पहली बार है जब बुलेट नाम को 650cc ट्विन-सिलेंडर प्लेटफॉर्म के साथ पेश किया गया है। Royal Enfield की यह नई मोटरसाइकिल क्लासिक डिजाइन और आधुनिक पावर का मिश्रण मानी जा रही है।

Royal Enfield Bullet 650

Royal Enfield Bullet 650 (Photo: Royal Enfield)

डिजाइन

नई बाइक का डिजाइन काफी हद तक Bullet 350 और Classic 650 Twin से प्रेरित दिखाई देता है। इसमें गोल हेडलैंप, क्रोम फिनिश, हाथ से बनी पिनस्ट्राइप्स और मेटल बैज जैसे क्लासिक एलिमेंट दिए गए हैं। कंपनी ने इसे Cannon Black और Battleship Blue जैसे दो रंग विकल्पों में पेश किया है।

इंजन

नई Bullet 650 में 647.95cc का पैरलल-ट्विन, एयर-कूल्ड इंजन दिया गया है। यह इंजन 47 bhp तक की पावर और 52.3 Nm टॉर्क पैदा करता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। कंपनी का कहना है कि यह अब तक की सबसे शक्तिशाली बुलेट मोटरसाइकिल है।

हार्डवेयर

हार्डवेयर की बात करें तो बाइक में 43mm telescopic front forks और rear twin shock absorbers दिए गए हैं। इसमें आगे 19-इंच और पीछे 18-इंच स्पोक व्हील्स मिलते हैं। ब्रेकिंग के लिए 320mm फ्रंट डिस्क और 300mm रियर डिस्क सेटअप दिया गया है, जिसमें dual-channel ABS standard फीचर के रूप में शामिल है। बाइक की सीट हाइट 800mm और वजन 243kg है। Royal Enfield ने इस मोटरसाइकिल में 14.8 लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक भी दिया है, जिससे यह लंबी दूरी की टूरिंग के लिए एक परफेक्ट बाइक बन जाती है। बड़ा टैंक होने की वजह से राइडर्स को बार-बार फ्यूल भरवाने की जरूरत कम पड़ेगी, जिससे हाईवे और लंबी यात्राओं के दौरान ज्यादा सुविधा मिलेगी।

Royal Enfield Bullet 650

Royal Enfield Bullet 650 (Photo: Royal Enfield)

किन ग्राहकों को पसंद आएगी बाइक

Bullet 650 को लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। बाइक में ज्यादा आरामदायक राइडिंग पॉश्चर दिया गया है। Classic 650 के मुकाबले इसमें सिंगल पीस सीट दी गई है। Bullet 650 के लॉन्च से Royal Enfield की 650cc लाइनअप और मजबूत होगी। यह बाइक उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है जो पारंपरिक बुलेट का लुक पसंद करते हैं, लेकिन ज्यादा पावर और हाईवे टूरिंग क्षमता चाहते हैं।
Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article