पोर्शे एजी (Porsche AG) ने अपने प्रतिष्ठित 911 मॉडल का अब तक का सबसे ताकतवर वर्जन पेश किया है। कंपनी ने Turbo S का हाइब्रिड वर्जन लॉन्च किया है, जिसकी ताकत 711 हॉर्सपावर है। पोर्शे का कहना है कि यह “अब तक का सबसे शक्तिशाली सीरीज-प्रोडक्शन 911” है। इस गाड़ी की कीमत €2,71,000 (लगभग 3.18 लाख डॉलर) रखी गई है और इसकी डिलीवरी यूरोप में इस साल के अंत तक शुरू हो जाएगी। इसका अनावरण रविवार को म्यूनिख ऑटो शो में किया गया।
कंपनी पर दबाव और नए फैसले
पिछले तीन सालों में फ्रैंकफर्ट स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग के बाद से पोर्शे के शेयर मूल्य में लगभग 50% की गिरावट आई है। कंपनी सप्लाई चेन दिक्कतों, इलेक्ट्रिक मॉडल्स की कमजोर मांग और चीन जैसे बड़े बाजार में बिक्री में गिरावट से जूझ रही है। वहीं, अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए आयात शुल्क कंपनी के मुनाफे पर और दबाव डाल सकते हैं। हालात ऐसे हैं कि शेयर कीमत इतनी नीचे चली गई है कि पोर्शे अब जर्मनी के बेंचमार्क इंडेक्स DAX से बाहर हो रही है।
सीईओ ओलिवर ब्लूमे ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य जल्द ही DAX में वापसी करना है। इसके लिए पोर्शे लागत घटाने, कर्मचारियों की कटौती करने और ज्यादा कंबशन-इंजन और प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल लॉन्च करने की रणनीति अपना रही है। इलेक्ट्रिक वाहनों की कमजोर मांग को देखते हुए कंपनी ने अपनी बैटरी बनाने की योजना भी रद्द कर दी है।
नई तकनीक से लैस Turbo S Hybrid
Turbo S हाइब्रिड में पोर्शे की T-Hybrid तकनीक दी गई है। यह तकनीक पहली बार पिछले साल 911 Carrera GTS में आई थी। इसमें पारंपरिक टर्बोचार्जर की जगह इलेक्ट्रिक टर्बोचार्जर लगाया गया है, जिसमें इंटीग्रेटेड इलेक्ट्रिक मोटर होती है। इससे टॉर्क तेजी से बढ़ता है और इंजन की कार्यक्षमता भी बेहतर होती है।
नए Turbo S Hybrid में 3.6-लीटर छह-सिलेंडर इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक टर्बोचार्जर दिए गए हैं।
इसकी परफॉर्मेंस का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यह गाड़ी 200 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड मात्र 8.4 सेकंड में पकड़ लेती है, जो इसके पिछले मॉडल से 0.5 सेकंड तेज है। यह मॉडल पोर्शे की नई रणनीति का हिस्सा है, जिसमें कंपनी एक बार फिर अपनी ताकतवर कंबशन और हाइब्रिड गाड़ियों पर दांव लगा रही है, ताकि वैश्विक ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पकड़ मजबूत कर सके।
