देश

'पिछले 12 सालों में भारत में गरीबी से निकले 50 करोड़ लोग' अपने जन्मदिन पर किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर बोला हमला

Kiren Rijiju on Rahul Gandhi: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भारत में अगर सच में लोकतंत्र खत्म हो गया होता तो क्या कोई नेता सुबह से शाम तक खुलकर सरकार की आलोचना कर पाता? क्या कोई प्रधानमंत्री को सरेआम निशाना बना पाता?

Image

किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर हमला (फोटो साभार- PTI)

Kiren Rijiju on Rahul Gandhi: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने जन्मदिन के दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। मौका था मीडिया से बातचीत का, लेकिन बातचीत जल्द ही राहुल गांधी के अमेरिका दौरे और उनके बयानों पर आकर टिक गई। रिजिजू ने कहा कि कुछ नेता विदेश की धरती पर जाकर अपने ही देश की छवि खराब करने में लगे हैं, जो ठीक नहीं है।

अपने जन्मदिन पर राहुल गांधी पर भड़के किरेन रिजिजू

रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी अमेरिका में जाकर भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठा रहे हैं। वे कह रहे हैं कि देश में लोकतंत्र नहीं बचा है और वोटों की चोरी हो रही है। इस पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर सच में देश में लोकतंत्र खत्म हो गया होता तो क्या कोई नेता सुबह से शाम तक खुलकर सरकार की आलोचना कर पाता? क्या कोई प्रधानमंत्री को सरेआम निशाना बना पाता? उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे खुला लोकतंत्र है। यहां आम आदमी से लेकर बड़ा नेता तक, हर किसी को अपनी बात कहने की पूरी आजादी है। जो चाहे, जहां चाहे, अपनी राय रख सकता है। इसके बावजूद अगर कोई कहे कि बोलने की आजादी नहीं है, तो यह खुद ही एक विरोधाभास है।

केंद्रीय मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स का दिया हवाला

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले अपने आप से तो सच बोलिए, फिर दुनिया से बोलिए। गरीबी के मुद्दे पर रिजिजू ने अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि पिछले करीब एक दशक में भारत ने गरीबी मिटाने के मामले में दुनिया में सबसे तेज रफ्तार दिखाई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर उठे हैं। यह आंकड़ा अपने आप में एक बड़ा बदलाव दिखाता है। उन्होंने कांग्रेस के पुराने नारे को भी याद दिलाया।

'कांग्रेस का गरीबी हटाने का वादा सिर्फ भाषणों तक रहा सीमित'

रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस दशकों तक गरीबी हटाने का नारा देकर चुनाव जीतती रही, लेकिन जमीनी हकीकत नहीं बदली। गरीबी हटाने का वादा सिर्फ भाषणों तक सीमित रहा। इसके उलट मौजूदा सरकार के कार्यकाल में योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचा, जिससे करोड़ों परिवारों की जिंदगी बदली है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज भारत उस मुकाम पर पहुंच गया है, जहां गरीबी खत्म होने के करीब है। अब देश का लक्ष्य विकसित भारत बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस सिर्फ गरीबी हटाना नहीं, बल्कि हर व्यक्ति को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन देना है।अंत में रिजिजू ने कहा कि देश की तरक्की को विदेशों में जाकर कम करके नहीं आंका जाना चाहिए। भारत आगे बढ़ रहा है और दुनिया भी इसे देख रही है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article