बिजनेस

Sensex 990 अंक चढ़ा, 9 महीने में पहली बार Nifty 25500 के ऊपर बंद

भारतीय शेयर बाजार का बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 9 महीने में पहली बार 25500 के ऊपर बंद हुआ। वहीं, इस दौरान सेंसेक्स 990 अंक उछलकर बंद हुआ। बाजार में कई वजहों से तेजी का माहौल बना हुआ है।

Image

स्टॉक मार्केट में तेजी का माहौल

Stock Market Closing Today, 19 November 2026: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को शानदार रिकवरी देखने को मिली। पिछले कारोबारी सत्र की गिरावट के बाद बाजार ने ऐसी वापसी की कि निफ्टी करीब 9 महीने बाद फिर 25,500 के पार बंद होने में कामयाब रहा। सेंसेक्स में करीब 990 अंकों की तेजी आई, जबकि ऑटो, बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों में जमकर खरीदारी हुई। विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी और कमोडिटी कीमतों में नरमी ने भी बाजार का मूड बदलने में अहम भूमिका निभाई।

कारोबार के अंत में Sensex 989.94 अंक यानी 1.21% की बढ़त के साथ 83,021.75 पर बंद हुआ। Nifty में 286.35 अंक यानी 1.14% की तेजी रही और यह 25,514.30 के स्तर पर बंद हुआ। खास बात यह रही कि निफ्टी ने दिन के हाई 25,514.30 पर ही क्लोजिंग दी।

9 महीने बाद निफ्टी की 25500 के पार क्लोजिंग

निफ्टी के लिए 25,500 का स्तर काफी अहम साबित हुआ है। इससे पहले 23 फरवरी 2026 को इंडेक्स 25,678.40 पर बंद हुआ था। इसके बाद पहली बार 19 नवंबर को निफ्टी ने 25,500 के ऊपर क्लोजिंग दी है। यानी करीब 269 दिन बाद इस स्तर के ऊपर बाजार बंद हुआ है। इससे पहले 17 नवंबर को निफ्टी ने इंट्राडे में 25,500 का स्तर पार किया था, लेकिन क्लोजिंग के समय यह इसके नीचे फिसल गया था। इस बार बाजार ने न सिर्फ यह स्तर पार किया, बल्कि दिन के उच्चतम स्तर पर ही बंद हुआ।

शेयर बाजार में तेजी की 5 बड़ी वजहें

ऑटो शेयरों में जोरदार खरीदारी: गुरुवार की तेजी का सबसे बड़ा इंजन ऑटो सेक्टर रहा। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 4.40% उछलकर सेक्टोरल इंडेक्स में टॉप गेनर रहा। मारुति सुजुकी के शेयरों में 6% से ज्यादा की तेजी आई और इंट्राडे में शेयर करीब ₹819 तक चढ़ गया। महिंद्रा एंड महिंद्रा, हुंडई, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल और अन्य ऑटो शेयरों में भी खरीदारी रही। ग्लोबल मार्केट में कॉपर और एल्युमीनियम जैसी धातुओं की कीमतों में गिरावट से ऑटो कंपनियों की इनपुट कॉस्ट घटने और मार्जिन सुधरने की उम्मीद बढ़ी है।

बैंकिंग शेयरों का मिला सपोर्ट: बैंकिंग शेयरों में खरीदारी ने बाजार की तेजी को मजबूती दी। निफ्टी बैंक 1.65% चढ़कर 63,063 के रिकॉर्ड हाई पर बंद हुआ। SBI, HDFC बैंक और ICICI बैंक जैसे बड़े बैंक शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स भी 2.29% चढ़ा।

विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी: बाजार को FII की खरीदारी से भी सपोर्ट मिल रहा है। 18 नवंबर को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में 5,866.78 करोड़ रुपये की नेट खरीदारी की थी। नवंबर में विदेशी निवेशकों का बढ़ता भरोसा बाजार के सेंटीमेंट को मजबूत कर रहा है।

क्रूड और रुपये से मिला सपोर्ट : हाल के दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट से भारत के आयात बिल और महंगाई को लेकर चिंताएं कम हुई हैं। इसके अलावा कॉपर और एल्युमीनियम की कीमतों में गिरावट से ऑटो और मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों की लागत घटने की उम्मीद है। वहीं, रुपये में डॉलर के मुकाबले लगातार मजबूती भी बाजार को सपोर्ट कर रही है।

निचले स्तरों पर वैल्यू बाइंग: बुधवार की गिरावट के बाद निवेशकों को कई अच्छे शेयर आकर्षक स्तरों पर मिले। इसके चलते शुरुआती कमजोरी के बावजूद बाजार में खरीदारी लौटी। अमेरिकी वायदा बाजारों में मजबूती और Anthropic IPO से जुड़ी सकारात्मक खबरों ने भी ग्लोबल सेंटीमेंट को सहारा दिया।

हरे निशान में ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स

सेक्टरों की बात करें तो निफ्टी ऑटो 4.40%, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 3.64%, PSU बैंक 2.29% और FMCG इंडेक्स 2.09% चढ़ा। हालांकि, IT सेक्टर में कमजोरी बनी रही और निफ्टी आईटी 1.10% गिरकर बंद हुआ। BSE पर कारोबार किए गए 3,715 शेयरों में 2,013 शेयरों में तेजी और 1,606 में गिरावट रही। यानी बाजार में खरीदारी का रुझान व्यापक रहा।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article