RBI NEFT Rules: नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड्स ट्रांसफर यानी NEFT आज के समय में पैसों के लेन-देन का एक बेहद भरोसेमंद और लोकप्रिय माध्यम बन चुका है। चाहे घर का किराया भेजना हो, लोन की किस्त चुकानी हो या किसी बड़े भुगतान का निपटारा करना हो, लोग बड़ी आसानी से NEFT का इस्तेमाल करते हैं। कई लोगों के मन में अक्सर यह सवाल रहता है कि वे एक दिन में NEFT के जरिए अधिकतम कितनी रकम भेज सकते हैं, इसके लिए बैंक कितना चार्ज लेते हैं और पैसा सामने वाले के खाते में कितनी देर में पहुंचता है। भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI ने इन सभी सवालों को लेकर स्पष्ट नियम बनाए हैं, जिन्हें समझना हर बैंक ग्राहक के लिए जरूरी है।
NEFT ट्रांसफर की अधिकतम सीमा कितनी है?
आरबीआई ने यह साफ कर दिया है कि उसने NEFT के माध्यम से पैसा भेजने की कोई अधिकतम सीमा तय नहीं की है। इसका सीधा मतलब यह है कि केंद्रीय बैंक की ओर से एक बार या एक दिन में ट्रांसफर की जाने वाली रकम पर कोई ऊपरी सीमा नहीं लगाई गई है। हालांकि, हर बैंक अपने जोखिम आकलन यानी रिस्क परसेप्शन के आधार पर ग्राहकों के लिए लेन-देन की सीमा तय कर सकता है। इसके लिए बैंक को अपने बोर्ड की मंजूरी लेनी होती है। इसलिए अगर आप एक बैंक खाते से दूसरे बैंक खाते में पैसा भेज रहे हैं, तो आप 50,000 रुपये से ज्यादा की रकम भी आसानी से ट्रांसफर कर सकते हैं। बस यह सीमा इस बात पर निर्भर करेगी कि आपके अपने बैंक ने आपके खाते या चैनल के लिए कितनी अधिकतम सीमा तय की है। अलग-अलग बैंक नेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप या शाखा से किए जाने वाले NEFT लेन-देन के लिए अपनी सुविधा और सुरक्षा के अनुसार अलग-अलग लिमिट रख सकते हैं।
बिना बैंक खाते वालों के लिए नकद ट्रांसफर की सीमा
जहां एक ओर बैंक खाताधारकों के लिए आरबीआई ने कोई ऊपरी सीमा नहीं रखी है, वहीं दूसरी ओर उन लोगों के लिए नियम अलग हैं जिनके पास बैंक खाता नहीं है और वे बैंक शाखा में जाकर नकद जमा करके NEFT के जरिए पैसा भेजना चाहते हैं। आरबीआई के NEFT से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों यानी FAQs के अनुसार, कैश आधारित NEFT लेन-देन की सीमा प्रति ट्रांजैक्शन 50,000 रुपये तय की गई है। ऐसे ग्राहक जो बिना बैंक खाते के नकद के जरिए NEFT करना चाहते हैं, उन्हें NEFT सुविधा वाली बैंक शाखा में जाकर कुछ अतिरिक्त जानकारी देनी होती है। इसमें उनका पूरा पता और टेलीफोन नंबर जैसी जानकारियां शामिल हैं। इन नियमों का उद्देश्य नकद लेन-देन में पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखना है।
NEFT ट्रांजैक्शन चार्ज: बैंक कितना चार्ज लेते हैं?
आरबीआई ने आउटवर्ड यानी भेजे जाने वाले NEFT लेन-देन पर बैंकों द्वारा वसूले जा सकने वाले अधिकतम चार्ज तय किए हैं। हालांकि, कुछ खास श्रेणियों के ट्रांसफर को इस शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है। 1 जनवरी 2020 से बचत बैंक खातों के जरिए किए जाने वाले ऑनलाइन NEFT लेन-देन पूरी तरह निशुल्क हैं। इसके अलावा, जिस बैंक में पैसा पहुंच रहा है, वह लाभार्थी के खाते में रकम क्रेडिट करने के लिए कोई शुल्क नहीं ले सकता है।
अन्य आउटवर्ड NEFT लेन-देन पर लगने वाले अधिकतम शुल्क रकम के आधार पर अलग-अलग होते हैं। 10,000 रुपये तक के लेन-देन पर बैंक अधिकतम 2.50 रुपये और जीएसटी ले सकते हैं। 10,000 रुपये से अधिक और 1 लाख रुपये तक की रकम पर अधिकतम शुल्क 5 रुपये और जीएसटी है। वहीं 1 लाख रुपये से अधिक और 2 लाख रुपये तक के ट्रांसफर पर अधिकतम 15 रुपये और जीएसटी, जबकि 2 लाख रुपये से अधिक की रकम पर अधिकतम 25 रुपये और जीएसटी वसूला जा सकता है। यह अधिकतम सीमा है और कई बैंक ग्राहकों को राहत देते हुए इससे कम शुल्क भी ले सकते हैं।
लेन-देन की राशि अधिकतम बैंक चार्ज
- ₹10,000 तक ₹2.50 + GST
- ₹10,000 से ₹1 लाख तक ₹5 + GST
- ₹1 लाख से ₹2 लाख तक ₹15 + GST
- ₹2 लाख से अधिक ₹25 + GST
NEFT की टाइमिंग और सेटलमेंट में कितना समय लगता है?
NEFT सेवा साल के हर दिन और चौबीसों घंटे उपलब्ध रहती है। इसमें सप्ताहांत यानी शनिवार-रविवार और बैंक की छुट्टियां भी शामिल हैं। यह व्यवस्था 24x7x365 के आधार पर काम करती है, जिससे ग्राहकों को किसी भी दिन या किसी भी समय भुगतान करने की सुविधा मिलती है। पूरे दिन में NEFT लेन-देन आधे-आधे घंटे के बैच में प्रोसेस किए जाते हैं। आरबीआई के मुताबिक, संबंधित बैच के सेटलमेंट के बाद आमतौर पर दो घंटे के भीतर लाभार्थी के खाते में पैसा पहुंच जाना चाहिए। लेन-देन की स्थिति की जानकारी भेजने वाले को एसएमएस या ईमेल के जरिए दी जाती है। अगर पैसा क्रेडिट करने या वापस करने में देरी होती है, तो पीनल इंटरेस्ट यानी दंड ब्याज के प्रावधान भी लागू होते हैं।
NEFT के जरिए कौन-कौन से लेन-देन किए जा सकते हैं?
NEFT केवल सामान्य बैंक-से-बैंक पैसे भेजने तक सीमित नहीं है। आरबीआई इस प्रणाली के जरिए कई अन्य वित्तीय लेन-देन की अनुमति भी देता है। इनमें जारी करने वाले बैंक को क्रेडिट कार्ड के बकाया का भुगतान करना, लोन की मासिक किस्त यानी EMI चुकाना और इनवर्ड फॉरेन एक्सचेंज रेमिटेंस शामिल हैं। इसके अलावा अन्य पात्र फंड ट्रांसफर भी किए जा सकते हैं। खास बात यह है कि यह सुविधा भारत से नेपाल के लिए एकतरफा फंड ट्रांसफर को भी सपोर्ट करती है।
NEFT ट्रांसफर में IFSC कोड की क्या भूमिका है?
हर NEFT लेन-देन को पूरा करने के लिए लाभार्थी के बैंक खाते के विवरण के साथ इंडियन फाइनेंशियल सिस्टम कोड यानी IFSC की जरुरत होती है। इसी कोड की मदद से भुगतान को सही बैंक शाखा तक पहुंचाया जाता है। IFSC 11 अंकों का अल्फान्यूमेरिक कोड होता है। इसमें शुरुआती चार अक्षर बैंक को दर्शाते हैं, पांचवां अक्षर हमेशा शून्य होता है और आखिरी 6 अक्षर संबंधित शाखा की पहचान करते हैं। सही IFSC कोड यह सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाता है कि भेजा गया पैसा सही व्यक्ति के सही बैंक खाते में पहुंचे।
