शहर

ट्रेन टिकटों की कालाबाजारी पर लगेगी लगाम? बुकिंग से पहले आधार OTP अनिवार्य करने की डिमांड

ट्रेन टिकटों की कालाबाजारी और फर्जी बुकिंग रोकने के लिए RJD सांसद सुधाकर सिंह ने आधार OTP सत्यापन अनिवार्य करने की मांग की है। उन्होंने रेलवे को सामान्य और तत्काल टिकटों में आधार जांच, TTE को आधुनिक उपकरण देने और संदिग्ध एजेंटों की जांच समेत छह सुझाव दिए हैं।

Image

भारतीय रेल (फाइल फोटो)

दिल्ली : देश में रेल टिकटों की कालाबाजारी और फर्जी नामों से टिकट बुकिंग पर रोक लगाने के लिए अब आरक्षित टिकट जारी करने से पहले आधार आधारित OTP सत्यापन अनिवार्य करने की मांग उठी है। बिहार के बक्सर से RJD सांसद सुधाकर सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर देश के प्रमुख और अधिक मांग वाले रेल मार्गों पर यह व्यवस्था तत्काल लागू करने का अनुरोध किया है। उन्होंने सामान्य और तत्काल, दोनों तरह के आरक्षण में OTP आधारित आधार सत्यापन लागू करने की मांग की है।

सांसद सुधाकर सिंह ने आज लिखे अपने पत्र में रेलवे टिकटों की कालाबाजारी के पीछे फर्जी नामों से बड़े पैमाने पर होने वाली बुकिंग को प्रमुख वजह बताया है। उनका कहना है कि त्योहारों और शादी-विवाह के मौसम में रेल यात्रा की मांग बढ़ जाती है। ऐसे समय में कई प्रमुख मार्गों पर आरक्षण खुलने के कुछ ही मिनटों में अलग-अलग श्रेणियों के टिकट उपलब्ध नहीं रहते।

एक बुकिंग में फर्जी नामों पर दो से छह टिकट बुक करने का आरोप

सांसद ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि कुछ एजेंट आरक्षण खुलते ही फर्जी नामों से बड़ी संख्या में टिकट बुक कर लेते हैं। इसके बाद यात्रा के दौरान पहचान की जांच से बचने के लिए टिकट पर दर्ज नाम से मेल खाते नकली पहचान पत्र भी तैयार किए जाते हैं। इन टिकटों को निर्धारित किराये से कहीं अधिक कीमत पर बेचा जाता है।

पत्र के मुताबिक, कई मामलों में एक ही बुकिंग में दो से छह यात्रियों के टिकट फर्जी नामों पर आरक्षित किए जाते हैं। इसके बाद बुकिंग में दर्ज किसी एक यात्री के नाम से नकली पहचान पत्र बनाकर सभी टिकट महंगे दामों पर बेच दिए जाते हैं।

सुधाकर सिंह ने कहा है कि टिकटों की इस कालाबाजारी का सबसे ज्यादा नुकसान उन लोगों को उठाना पड़ता है जो रोजगार, पढ़ाई, इलाज और पारिवारिक जरूरतों के लिए रेल यात्रा पर निर्भर हैं। खासकर सीमित आय वाले यात्रियों को समय पर निर्धारित किराये पर टिकट मिलने में परेशानी होती है।

हर तीन यात्रियों पर कम से कम एक का आधार OTP सत्यापन अनिवार्य करने की मांग

सांसद ने रेल मंत्रालय को छह सुझाव दिए हैं। इनमें सबसे प्रमुख मांग यह है कि आरक्षित टिकट जारी करने से पहले यात्रियों का आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP भेजकर सत्यापन किया जाए।

उन्होंने प्रस्ताव दिया है कि एक से तीन यात्रियों की बुकिंग में कम से कम एक यात्री का आधार सत्यापन अनिवार्य हो। वहीं, चार से छह यात्रियों की बुकिंग में कम से कम दो यात्रियों का आधार OTP के जरिए सत्यापन किया जाए। यह व्यवस्था सामान्य और तत्काल, दोनों तरह के आरक्षण पर लागू करने की मांग की गई है।

टिकट पर आधार के आखिरी छह अंक दर्ज करने का सुझाव

सांसद ने ऑनलाइन और रेलवे काउंटर से जारी होने वाले टिकटों पर भी सत्यापन का विवरण दर्ज करने का सुझाव दिया है। जिन यात्रियों के आधार का सत्यापन करके टिकट जारी किया जाए, उनके नाम के सामने आधार नंबर के अंतिम छह अंक लिखे जाएं। इससे यात्रा के दौरान टिकट और यात्री की पहचान का मिलान करना आसान हो सकेगा।

TTE को दिए जाएं आधुनिक हैंडहेल्ड उपकरण

पत्र में यात्रा टिकट परीक्षकों यानी TTE को पर्याप्त प्रोसेसिंग क्षमता वाले आधुनिक हैंडहेल्ड उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। इन उपकरणों की मदद से TTE यात्रा के दौरान टिकट पर दर्ज सत्यापन विवरण का यात्री के पहचान दस्तावेजों से तेजी से मिलान कर सकेंगे।

सुधाकर सिंह ने रेल मंडल स्तर पर पहचान सत्यापन की नियमित निगरानी का भी सुझाव दिया है। इसके तहत कोचवार रिकॉर्ड रखा जाए कि प्रत्येक TTE ने कितने यात्रियों के आधार सत्यापन विवरण का मिलान किया और कितने मामलों में गड़बड़ी सामने आई। इस रिकॉर्ड की नियमित समीक्षा भी होनी चाहिए।

संदिग्ध बुकिंग करने वाले खातों और एजेंटों की जांच की मांग

सांसद ने आरक्षण खुलते ही असामान्य संख्या में टिकट बुक करने वाले खातों और बार-बार संदिग्ध बुकिंग करने वाले एजेंटों की जांच कराने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा है कि रेलवे, IRCTC और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मिलकर टिकटों की कालाबाजारी और नकली पहचान पत्रों से जुड़ी शिकायतों की जांच करें। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

आधार से लिंक मोबाइल नहीं तो काउंटर पर मिले वैकल्पिक सुविधा

सुधाकर सिंह ने उन यात्रियों की परेशानी का भी जिक्र किया है, जिनके पास आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं है। उन्होंने ऐसे यात्रियों के लिए रेलवे आरक्षण काउंटरों पर मान्य पहचान दस्तावेजों के आधार पर वैकल्पिक सत्यापन की व्यवस्था करने का सुझाव दिया है।

उनका कहना है कि इस प्रक्रिया की वीडियो निगरानी भी की जानी चाहिए, ताकि वैकल्पिक व्यवस्था का दुरुपयोग करके टिकटों की अवैध बिक्री न हो सके।

रेल मंत्री से तत्काल व्यवस्था लागू करने का अनुरोध

सांसद ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि रेलवे बोर्ड और IRCTC को देश के सभी प्रमुख और अधिक मांग वाले रेल मार्गों पर इन व्यवस्थाओं को तत्काल लागू करने का निर्देश दिया जाए। उन्होंने इसके क्रियान्वयन की समय-सीमा और टिकटों की कालाबाजारी से जुड़ी शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी है।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article