ऑटो न्यूज़

नई Toyota Innova Hycross में मिल सकते हैं 5 बड़े बदलाव, पहले से ज्यादा प्रीमियम होगा अंदाज

टोयोटा अपने भारतीय ग्राहकों के लिए Innova Hycross का फेसलिफ्ट मॉडल लाने जा रही है। हालांकि, इससे पहले ही कंपनी ने इंडोनेशिया में अपडेटेड Toyota Kijang Innova Zenix को पेश किया है।

Image

नई Toyota Innova Hycross का प्रीमियम होगा अंदाज

टोयोटा भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय MPV Innova Hycross का फेसलिफ्ट मॉडल पेश करने की तैयारी कर रही है। इसे भारत में 26 नवंबर 2026 को लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। लॉन्च से पहले इंडोनेशिया में अपडेटेड Toyota Kijang Innova Zenix को पेश किया गया है। इसमें कई अहम बदलाव किए गए हैं, जिनसे भारत आने वाली नई Innova Hycross के कुछ अपडेट्स का अंदाजा लगाया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए मॉडल में केवल फीचर्स ही नहीं, बल्कि एक्सटीरियर डिजाइन और पावरट्रेन में भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। आइए जानते हैं नई Innova Hycross में कौन से 5 बड़े बदलाव हो सकते हैं-

नया फ्रंट डिजाइन

नई Toyota Innova Hycross के फ्रंट लुक में बदलाव देखने को मिल सकता है। टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों के मुताबिक, कंपनी इसकी फ्रंट ग्रिल, हेडलैंप और बंपर को अपडेट कर सकती है। इसमें नए पैटर्न वाली ग्रिल और पहले से ज्यादा स्लिम हेडलैंप दिए जा सकते हैं। बंपर में भी कुछ बदलाव होने की उम्मीद है। हालांकि, MPV का ओवरऑल डिजाइन और सिल्हूट पहले जैसा रह सकता है।

अपडेटेड रियर प्रोफाइल

फ्रंट के साथ इसके पिछले हिस्से में भी बदलाव संभव हैं। नई Innova Hycross में रिवाइज्ड टेललैंप और नया रियर बंपर मिल सकता है। इसके अलावा टेलगेट और एक्सटीरियर डिटेलिंग में भी छोटे-मोटे बदलाव किए जा सकते हैं। इन अपडेट्स से गाड़ी का पिछला लुक पहले से ज्यादा फ्रेश नजर आ सकता है।

12.3 इंच का बड़ा टचस्क्रीन

केबिन में सबसे बड़ा बदलाव इंफोटेनमेंट सिस्टम के रूप में देखने को मिल सकता है। इंडोनेशिया में अपडेटेड Innova Zenix को 10.1 इंच की जगह 12.3 इंच के बड़े टचस्क्रीन के साथ पेश किया गया है। इसमें इन-कार वाई-फाई कनेक्टिविटी भी मिलती है। यही सिस्टम भारत आने वाली Hycross में भी दिया जा सकता है।

12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर

नई MPV में 12.3 इंच का फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिल सकता है। इंडोनेशिया के हाइब्रिड वेरिएंट में यह फीचर दिया गया है, जबकि पेट्रोल वर्जन में 7 इंच का डिस्प्ले मिलता है। मौजूदा भारतीय मॉडल में एनालॉग डायल के साथ मल्टी-इंफॉर्मेशन डिस्प्ले मिलता है। ऐसे में नया डिजिटल सेटअप केबिन को ज्यादा प्रीमियम बना सकता है।

Flex-Fuel Strong Hybrid इंजन

इस फेसलिफ्ट का सबसे बड़ा बदलाव नया फ्लेक्स-फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन हो सकता है। इसमें मौजूदा 2.0 लीटर हाइब्रिड इंजन को अलग-अलग इथेनॉल-पेट्रोल मिश्रण के अनुकूल बनाया जा सकता है। वर्तमान मॉडल का हाइब्रिड इंजन 186hp की कंबाइंड पावर देता है और e-CVT गियरबॉक्स से जुड़ा है। हालांकि, नए फ्लेक्स-फ्यूल इंजन की पावर, समर्थित इथेनॉल ब्लेंड और अन्य तकनीकी जानकारियों का खुलासा होना बाकी है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article