शहर

नोएडा को ड्रग फ्री जोन बनाने की तैयारी, दिसंबर से तीन महीने चलेगा नशामुक्ति अभियान

नोएडा प्राधिकरण शहर को ड्रग फ्री जोन बनाने के लिए तीन महीने का नशामुक्ति अभियान चलाएगा। यह विशेष अभियान दिसंबर से फरवरी के बीच चलेगा।

Image

दिसंबर से फरवरी तक नोएडा में चलेगा नशामुक्ति अभियान

Noida News: नोएडा को नशामुक्त शहर बनाने के लिए प्राधिकरण ने विशेष अभियान चलाने की योजना तैयार की है। इसके तहत दिसंबर से फरवरी तक लगातार तीन महीने तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का मकसद युवाओं को नशे की लत से बचाना और इसकी गिरफ्त में आ चुके लोगों को उपचार एवं पुनर्वास के जरिए सामान्य जीवन में वापस लाना है। इस मुहिम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत अभियान के संकल्प से जोड़कर आगे बढ़ाया जाएगा।

युवाओं को नशे से दूर रखने पर रहेगा फोकस

नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक, शहर में रोजगार और उच्च शिक्षा के लिए बड़ी संख्या में अलग-अलग शहरों से युवा आते हैं। शहर की आबादी भी बढ़कर 10 लाख से अधिक हो चुकी है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखना एक अहम चुनौती बन गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्कों, शॉपिंग मॉल, क्लब और होटलों के आसपास विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। अधिकारियों का मानना है कि इन स्थानों पर नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण चोरी, नशे में वाहन चलाने और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों का खतरा बढ़ सकता है। अभियान के जरिए युवाओं को नशे के नुकसान के बारे में जानकारी दी जाएगी।

सामाजिक संगठन की मदद से चलेगी मुहिम

इस अभियान का दायरा केवल जागरूकता तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नशे की लत से बुरी तरह प्रभावित लोगों के उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि उन्हें दोबारा सामान्य जीवन और समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। इस अभियान को जमीन पर उतारने के लिए प्राधिकरण एक सामाजिक संगठन का चयन करेगा। संगठन की मदद से शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्वच्छता सर्वेक्षण से जोड़ने की भी तैयारी

खास बात यह है कि प्राधिकरण इस मुहिम को 'स्वच्छता सर्वेक्षण' से भी जोड़ने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत जागरूकता गतिविधियों और नए इनिशिएटिव्स के माध्यम से सर्वेक्षण में अतिरिक्त अंक हासिल करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे शहर की स्वच्छता रैंकिंग को भी बेहतर बनाने में मदद मिल सके।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article