बिजनेस

महंगाई ने बढ़ाई टेंशन! टूट सकता है RBI के 'सब्र का बांध', 50bps तक बढ़ सकता है Repo Rate

CPI बेस्ड महंगाई दर 6 फीसदी पार हो गई। 6 फीसदी महंगाई को रिजर्व बैंक के सब्र का बांध भी कहा जा सकता है। ज्यादातर इकोनॉमिस्ट मानते हैं कि अब RBI MPC आक्रामक तरीके से ब्याज दर बढ़ा सकमी है।

Image

आधा फीसदी तक बढ़ सकती है ब्याज दर

RBI Inflation Tolerance Band MPC Repo Rate : महंगाई ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अर्थशास्त्रियों और ग्लोबल ब्रोकरेज फर्मों के अलग-अलग सर्वे और अनुमानों से संकेत मिल रहे हैं कि ब्याज दरों में बढ़ोतरी का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। कुछ अर्थशास्त्रियों को दिसंबर में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की उम्मीद है, जबकि कुछ का मानना है कि महंगाई के जोखिम बढ़ने पर RBI 50 बेसिस पॉइंट का बड़ा फैसला भी ले सकता है। जेपी मॉर्गन ने भी दिसंबर में 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी के जोखिम को पूरी तरह खारिज नहीं किया है।

RBI दिसंबर में ले सकता है बड़ा फैसला

RBI की छह सदस्यीय मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की अगली बैठक 2 से 4 दिसंबर के बीच होने वाली है। अक्टूबर की बैठक में RBI ने रेपो रेट 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 5.50% कर दिया था। इसके साथ ही केंद्रीय बैंक ने मौद्रिक नीति का रुख न्यूट्रल से बदलकर 'कैलिब्रेटेड टाइटनिंग' कर दिया था। इस बदलाव का मतलब साफ है कि फिलहाल ब्याज दरों में कटौती की गुंजाइश कम है। आगे RBI के सामने दरों को स्थिर रखने या और बढ़ाने का विकल्प है। अब अक्टूबर की महंगाई के आंकड़ों ने ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की आशंका मजबूत कर दी है। अगर महंगाई का दबाव और बढ़ता है तो RBI दिसंबर में सामान्य 25 बेसिस पॉइंट के बजाय 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी पर भी विचार कर सकता है।

क्या कह रहे इकोनॉमिस्ट?

Moneycontrol के 10 अर्थशास्त्रियों और ट्रेजरी प्रतिभागियों के सर्वे में दिसंबर में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी को मजबूत संभावना बताया गया है। कुछ प्रतिभागियों को फरवरी 2027 की MPC बैठक में भी एक और बढ़ोतरी की उम्मीद है। वहीं, क्रिसिल (Crisil) की प्रमुख अर्थशास्त्री दीप्ति देशपांडे का मानना है कि महंगाई के 6% से ऊपर जाने के बाद RBI के पास दिसंबर में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की मजबूत वजह है। इसी तरह SBI Research के सौम्यकांति घोष का मानना है कि दिसंबर में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी के बाद RBI को फरवरी में तुरंत अगला कदम उठाने के बजाय आंकड़ों का इंतजार करना चाहिए। इसी तरह टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कोटक महिंद्रा बैंक की चीफ इकोनॉमिस्ट उपासना भारद्वाज को वित्त वर्ष 2027 में कुल 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की उम्मीद है।

JP Morgan ने 50 bps बढ़ोतरी का जोखिम क्यों बताया?

जेपी मॉर्गन के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ इंडिया इकोनॉमिस्ट साजिद चिनॉय ने रेपो रेट का टर्मिनल अनुमान 5.75% से बढ़ाकर 6.25% कर दिया है। उनका कहना है कि जून 2027 तक खुदरा महंगाई RBI के 6% के ऊपरी टॉलरेंस लेवल पर या उससे ऊपर रह सकती है। चिनॉय के मुताबिक, उनका बेसलाइन अनुमान है कि दिसंबर, फरवरी और अप्रैल की तीनों बैठकों में 25-25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी होगी। लेकिन, दिसंबर में ही 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी भी संभव है।

Morgan Stanley और Emkay को भी बड़ी बढ़ोतरी की उम्मीद

ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म Morgan Stanley का अनुमान है कि RBI दिसंबर, फरवरी और अप्रैल 2027 में 25-25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी कर सकता है। इस तरह मौजूदा साइकिल में अक्टूबर की बढ़ोतरी को मिलाकर कुल 100 बेसिस पॉइंट तक की सख्ती हो सकती है और रेपो रेट 6.25% पर पहुंच सकता है। वहीं, Emkay Global Financial Services की चीफ इकोनॉमिस्ट माधवी अरोड़ा को भी मौजूदा रेट हाइक साइकिल में कुल 75 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की उम्मीद है।

सर्वे / ब्रोकरेजब्याज दरों को लेकर अनुमान
Moneycontrol Pollदिसंबर में 25 बेसिस पॉइंट (0.25%) बढ़ोतरी
JP Morganदिसंबर में 25 bps बढ़ोतरी का अनुमान, लेकिन 50 bps (0.50%) का भी जोखिम
Morgan Stanleyदिसंबर, फरवरी और अप्रैल 2027 में 25-25 bps बढ़ोतरी
Barclaysदिसंबर और फरवरी में 25-25 bps बढ़ोतरी
Emkay Globalमौजूदा रेट हाइक साइकिल में कुल 75 bps बढ़ोतरी
Kotak Mahindra Bankवित्त वर्ष 2027 में कुल 50 bps बढ़ोतरी की संभावना
Elara Capitalअगले 6-9 महीनों में कुल 50 bps बढ़ोतरी का अनुमान

क्या महंगा हो जाएगा आपका होम लोन?

अगर RBI रेपो रेट बढ़ाता है तो इसका असर होम लोन, कार लोन और दूसरे कर्ज की ब्याज दरों पर पड़ सकता है। जिन लोगों ने फ्लोटिंग रेट पर लोन लिया है, उनकी EMI बढ़ सकती है या बैंक लोन की अवधि बढ़ा सकते हैं। अगर दिसंबर में RBI 50 बेसिस पॉइंट की एकमुश्त बढ़ोतरी करता है, तो बैंकों की कर्ज की लागत पर ज्यादा दबाव पड़ सकता है। ऐसे में रेपो लिंक्ड फ्लोटिंग लोन वाले ग्राहकों पर EMI का बोझ बढ़ना तय है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article