बजाज ऑटो (Bajaj Auto) ने अपनी फ्लैगशिप बाइक Pulsar NS400Z को नए फीचर्स के साथ अपडेट कर दिया है। कंपनी ने अपडेटेड मॉडल की कीमत 1.90 लाख (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी है। नए मॉडल की सबसे बड़ी खासियत इसमें दिया गया 5-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है। इसके अलावा बाइक में USB Type-C चार्जिंग पोर्ट और पैनिक ब्रेक अलर्ट जैसे फीचर्स भी जोड़े गए हैं। अपडेटेड बाइक की कीमत मौजूदा स्टैंडर्ड NS400Z से करीब 4,000 ज्यादा है।
5-इंच TFT डिस्प्ले में मिलेंगे कई स्मार्ट फीचर्स
नई Bajaj Pulsar NS400Z में कंपनी ने 5-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया है। यही डिस्प्ले बजाज अपनी दूसरी Pulsar बाइक्स में भी धीरे-धीरे पेश कर रही है। इस TFT कंसोल के जरिए राइडर को कई कनेक्टेड फीचर्स मिलते हैं। इसमें Google Maps मिररिंग की सुविधा दी गई है, जिससे राइडर को टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन में मदद मिलती है। इसके अलावा, म्यूजिक को मैनेज करने और जरूरी डॉक्यूमेंट स्टोर करने का विकल्प भी मिलता है। बाइक में लैप टाइमर भी दिया गया है, जो खासतौर पर राइडिंग के दौरान काम का साबित हो सकता है। स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के लिए ब्लूटुथ का इस्तेमाल किया गया है।
USB Type-C और पैनिक ब्रेक अलर्ट
अपडेटेड NS400Z में अब USB Type-C चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है। इससे राइडर सफर के दौरान स्मार्टफोन जैसे डिवाइस को आसानी से चार्ज कर सकता है। बाइक में एक और नया फीचर पैनिक ब्रेक अलर्ट सिस्टम है। तेज या अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में यह सिस्टम बाइक की हैजर्ड लाइट (Hazard Light) को एक्टिव कर देता है। इससे पीछे से आ रहे वाहनों को बाइक के अचानक धीमा होने का संकेत मिल सकता है।
इंजन और हार्डवेयर में बदलाव नहीं
नए फीचर्स के अलावा, बाइक के मैकेनिकल सेटअप में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें पहले की तरह 349cc, सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलता है। यह इंजन 40hp की पावर 9,000rpm पर और 33Nm का टॉर्क 7,500rpm पर जनरेट करता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। बाइक में इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल बॉडी, चार राइडिंग मोड, ट्रैक्शन कंट्रोल, 43mm USD फ्रंट फोर्क, डुअल-चैनल ABS और रेडियल टायर्स जैसे फीचर्स पहले की तरह मौजूद हैं।
