ऑटो न्यूज़

Maruti का बड़ा ऐलान! 14 जून तक बुक करें Alto, WagonR या Celerio और सस्ते में ले जाएं घर

एक नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो ये जानकारी आपके काम की साबित हो सकती है। मारुति के एंट्री-लेवल मॉडल्स को कम दाम पर घर ले जा सकते हैं।

Image

Maruti Suzuki

अगर आप भी एक नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो ये जानकारी आपका दिल खुश कर सकती है। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki ने अपने एंट्री-लेवल कारों को कम दाम पर खरीदने का मौका दे रही है। दरअसल, हाल ही में कंपनी ने कई मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की थी, लेकिन अब इन लोकप्रिय हैचबैक मॉडलों के खरीदारों को कीमत बढ़ोतरी के असर से बचाने का फैसला लिया गया है।

कम कीमत पर खरीद सकते हैं कार

Maruti Suzuki ने पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों को राहत देने के लिए अपने एंट्री-लेवल मॉडल्स पर सीमित अवधि की प्राइस प्रोटेक्शन स्कीम शुरू की है। इस योजना के तहत 14 जून 2026 तक इन कारों की बुकिंग करवाने वाले ग्राहकों को जून 2026 से लागू हुई कीमत बढ़ोतरी का असर नहीं झेलना पड़ेगा। कंपनी ने हाल ही में बढ़ती लागत और महंगाई के कारण अपने मॉडल्स की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की थी, लेकिन इस स्कीम के तहत पात्र ग्राहक पुरानी कीमत पर ही कार खरीद सकेंगे, भले ही डिलीवरी बाद में मिले।

किन कारों पर मिलेगा फायदा?

Maruti Suzuki की यह योजना कंपनी की चार लोकप्रिय एंट्री-लेवल कारों पर लागू की गई है। इनमें Alto K10, WagonR, Celerio और S-Presso शामिल हैं। ये सभी मॉडल उन ग्राहकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं जो पहली बार कार खरीद रहे हैं या दोपहिया वाहन से चारपहिया वाहन की ओर कदम बढ़ाना चाहते हैं।

क्यों लाई गई यह योजना?

यह फैसला डीलर नेटवर्क से मिले फीडबैक के आधार पर लिया गया है। डीलर्स का मानना था कि जो ग्राहक सीमित बजट में पहली कार खरीदने का साहस जुटा रहे हैं, उन्हें अचानक बढ़ी हुई कीमतों के कारण निराश नहीं होना चाहिए। इसी वजह से कंपनी ने सीमित अवधि के लिए प्राइस प्रोटेक्शन विंडो शुरू की है।

छोटे कार सेगमेंट पर कंपनी का फोकस

Maruti Suzuki का कहना है कि लंबे समय की सुस्ती के बाद छोटे कार सेगमेंट में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल रहा है। कंपनी के अनुसार, इस सेगमेंट ने उसकी बाजार हिस्सेदारी में लगभग 300 से 400 बेसिस पॉइंट तक सुधार करने में योगदान दिया है। हालांकि SUV की मांग तेजी से बढ़ रही है, लेकिन Alto K10 और WagonR जैसी हैचबैक कारें आज भी लाखों भारतीय परिवारों के लिए पहली कार का सपना पूरा करती हैं।

RD-आधारित ऑटो लोन प्रोग्राम भी चुन सकते हैं

प्राइस प्रोटेक्शन स्कीम के साथ कंपनी ने ‘Suhana Safar’ नाम से एक नया RD-आधारित ऑटो लोन प्रोग्राम भी शुरू किया है। इस योजना के तहत ग्राहक हर महीने EMI के बराबर राशि एक रिकरिंग डिपॉजिट (RD) खाते में जमा कर सकते हैं। तीन से छह महीने बाद जमा हुई राशि का इस्तेमाल उसी बैंक से कार लोन लेने के लिए डाउन पेमेंट के रूप में किया जा सकता है। कंपनी के मुताबिक इस योजना को ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और हजारों पूछताछ तथा बुकिंग दर्ज की जा चुकी हैं।l

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article