Maruti Suzuki New Generation Swift: मारुति सुजुकी जल्द भारत में ग्राहकों की चहेती स्विफ्ट हैचबैक की नई जनरेशन लॉन्च करने वाली है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस किफायती और सस्ती कार के साथ कंपनी हाइब्रिड इंजन भी पेश कर सकती है जिससे ये एक लीटर पेट्रोल में जोरदार माइलेज देने लगेगी। कंपनी ने हाल में इस कार से पर्दा हटाया है जिसमें नया इंजन मिलने वाला है और ये इंजन दमदार भी होगा। फुर्तीले इंजन के साथ ग्राहकों को नई स्विफ्ट में जोरदार माइलेज भी मिलेगा। कंपनी का दावा है कि पेट्रोल इंजन 23.40 किमी/लीटर माइलेज देगा, वहीं इसका हाइब्रिड इंजन एक लीटर पेट्रोल में 24.50 किमी तक चलेगा।
दिखने में कितनी बदली
नई जनरेशन सुजुकी स्विफ्ट दिखने में काफी कुछ बदल गई है, कार के अगले हिस्से में पैने लुक वाले हेडलैंप्स दिए गए हैं। कार का चेहरा भी कुछ बदला है जिसमें बड़े साइज की ग्रिल शामिल है। इसके बाद प्रोजेक्टर सेटअप और एलईडी डीआरएल की बारी आती है। टोक्यो मोटर शो में दिखाई गई स्विफ्ट को एडीएएस दिया गया है, हालांकि भारतीय मार्केट में इस फीचर को पेश किए जाने की संभावना सिर्फ टॉप मॉडल के साथ है। कुल मिलाकर ये कार दिखने में अब तक की सबसे खूबसूरत स्विफ्ट कही जा रही है।
मिलेगा नया दमदार इंजन
नई जनरेशन स्विफ्ट के साथ कंपनी नया तीन-सिलेंडर 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन दे सकती है जो सीवीटी गियरबॉक्स से लैस होगा। सुजुकी इस नई हैचबैक को जल्द ही जापान में लॉन्च करने वाली है जिसके साथ मिलने वाला इंजन जेड12ई सीरीज का है। इस इंजन ने मौजूदा के12सी 1.2-लीटर पेट्रोल की जगह ली है। हालांकि ये जानकारी अभी सुजुकी की ओर से आधिकारिक तौर पर नहीं मिली है। हमारा मानना है कि ये दमदार इंजन होगा जो 100 बीएचपी ताकत और 150 एनएम पीक टॉर्क बनाता है।
क्या नया, क्या पुराना
चौथी जनरेशन स्विफ्ट के साथ पूरी बॉडी पर दिखने वाली कैरेक्टर लाइंस दी गई हैं जो हेडलैंप्स के साथ खूबसूरती से मिलती हैं। कार की छत पहले जैसी ही है, लेकिन इसे नए दरवाजों से लैस किया गया है, खासतौर पर पिछले दरवाजे जिनके डोर हैंडल ए-पिलर से हटकर दोबारा सामान्य जगह पर आ गए हैं। कार का पिछला हिस्सा भी काफी बदल दिया गया है जिसमें बंपर और टेलगेट में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। टोयोक्यो मोटर शो में दिखी स्विफ्ट हाइब्रिड है, हालांकि भारत में इसका हाइब्रिड मॉडल नहीं आएगा।
