ऑटो न्यूज़

Maruti Suzuki Brezza Facelift भारत में लॉन्च, शुरुआती कीमत 7.40 लाख, CNG वेरिएंट में मिलेगा अब अंडरबॉडी सीएनजी टैंक

मारुति ने भारतीय ग्राहकों के लिए नई ब्रेजा लॉन्च कर दी है। इस एसयूवी को नए 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ लाया गया है और इसी के साथ पहली बार 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स का विकल्प भी जोड़ा गया है।

Image

Maruti Suzuki Brezza Facelift भारत में लॉन्च

मारुति सुजुकी ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV Maruti Suzuki Brezza Facelift को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.40 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी ने इस मिड-लाइफ अपडेट के जरिए Brezza को पहले से ज्यादा स्टाइलिश, फीचर-लोडेड और सुरक्षित बनाने की कोशिश की है।

डिजाइन में मिले नए बदलाव

नई Brezza का ओवरऑल डिजाइन पहले जैसा ही रखा गया है, लेकिन इसे ज्यादा फ्रेश और मॉडर्न लुक देने के लिए कई छोटे-छोटे बदलाव किए गए हैं। फ्रंट में नई ग्रिल, अपडेटेड हेडलैंप और नया बंपर दिया गया है। बंपर में अब त्रिकोणीय आकार के फॉग लैंप हाउसिंग मिलते हैं, जो SUV को स्पोर्टी लुक देते हैं। इसके अलावा बंपर पर ग्रे फिनिश एलिमेंट्स भी जोड़े गए हैं। साइड प्रोफाइल में नया डिजाइन वाले 16-इंच अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जबकि पीछे की तरफ स्लिम LED टेललैंप और Brezza बैजिंग पहले की तरह बरकरार रखी गई है।

नई Brezza को कई आकर्षक कलर ऑप्शंस में पेश किया गया है। सिंगल-टोन रंगों में Vivacious Orange, Lustrous Beige, Pearl Arctic White, Bluish Black, Splendid Silver, Magma Grey और Sizzling Red शामिल हैं। वहीं डुअल-टोन विकल्पों में Bluish Black रूफ के साथ Sizzling Red, Lustrous Beige और Pearl Arctic White जैसे विकल्प उपलब्ध हैं।

पहले से ज्यादा प्रीमियम हुआ केबिन

नई Brezza का केबिन पहले जैसा लेआउट बनाए रखता है, लेकिन इसमें प्रीमियम फील देने के लिए कई बदलाव किए गए हैं। डैशबोर्ड पर ब्लैक और ब्राउन रंग की डुअल-टोन थीम दी गई है। SUV में अब 10.1-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और हेड-अप डिस्प्ले (HUD) दिया गया है। एयर कंडीशनिंग और अन्य कंट्रोल्स सेंटर कंसोल पर दिए गए फिजिकल बटन के जरिए संचालित किए जा सकते हैं।

फीचर्स की लंबी लिस्ट

नई Brezza में पहले के मुकाबले कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं। इसमें वायरलेस चार्जर, वेंटिलेटेड और पावर्ड फ्रंट सीटें, 64-कलर एम्बिएंट लाइटिंग, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रियर क्रॉस-ट्रैफिक अलर्ट, एयर प्यूरीफायर, ऑटो डिमिंग IRVM और एडजस्टेबल स्टीयरिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं।

सुरक्षा के लिहाज से SUV में 6 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा, ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग, हिल डिसेंट कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) और ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड या वेरिएंट के अनुसार उपलब्ध कराए गए हैं। इन्हीं सुरक्षा फीचर्स की बदौलत नई Brezza को Bharat NCAP से 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग भी मिली है।

इंजन विकल्प भी हुए बेहतर

नई Brezza में कंपनी ने मौजूदा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन को बरकरार रखा है, जो 102 HP की पावर और 139 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ CNG विकल्प भी उपलब्ध है। खास बात यह है कि CNG वेरिएंट में अब अंडरबॉडी CNG टैंक दिया गया है, जिससे बूट स्पेस पहले की तुलना में ज्यादा मिलता है।

सबसे बड़ा बदलाव नया 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन है, जो 110 HP की पावर और 170 Nm का टॉर्क देता है। इसके साथ पहली बार 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स का विकल्प भी जोड़ा गया है। वहीं ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प भी ग्राहकों के लिए उपलब्ध रहेगा।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article