ऑटो न्यूज़

Mahindra Scorpio N का एक और बड़ा कारनामा, कंपनी ने प्रोडक्शन में रखा नया मील का पत्थर

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Feb 5, 2024, 09:16 PM IST

Mahindra ने हाल में जानकारी दी है कि 1 लाख Scorpio N SUV का प्रोडक्शन पूरा कर लिया है। ये देशभर में खूब पसंद की जाने वाली एसयूवी है जिसकी बिक्री जून 2022 में शुरू की गई थी। ये हाइटेक फीचर्स से लोडेड है।

Image

फीचर्स, लुक, इंजन और केबिन कम्फर्ट के मामले में ये जोरदार गाड़ी है।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • महिंद्रा स्कॉर्पियो एन का बड़ा कारनामा
  • कंपनी ने पूरा किया 1 लाख प्रोडक्शन
  • भारत में खूब पसंद की जा रही SUV

Mahindra Scorpio N Production Milestone: महिंद्रा ऑटोमोटिव ने हाल में नई स्कॉर्पियो एन के उत्पादन में नया मील का पत्थर कायम किया है। कंपनी ने हाल में एसयूवी की 1 लाख यूनिट प्रोडक्शन की जानकारी दी है। भारतीय मार्केट में नई स्कॉर्पियो एन की बिक्री जून 2022 में शुरू हुई थी और इसे पेट्रोल-डीजल दोनों इंजन विकल्पों के साथ बेचा जा रहा है। कंपनी की ये एसयूवी ग्राहकों के बीच बेहद पॉपुलर है और इसके कुछ वेरिएंट्स पर लंबी वेटिंग भी दी जा रही है। कुल मिलाकर फीचर्स, लुक, इंजन और केबिन कम्फर्ट के मामले में ये जोरदार गाड़ी है।

जोरदार है नई स्कॉर्पियो का मुकाबला

महिंद्रा ने नई स्कॉर्पियो एन को अर्बन एसयूवी कहा है जो बिल्कुल नए सिरे से तैयार की गई है और इसके साथ सबकुछ नया दिया गया है। नई जनरेशन मॉडल का एक्सटीरियर और इंटीरियर मौजूदा मॉडल के मुकाबले बिल्कुल नया है। मुकाबले पर नजर डालें तो भारतीय मार्केट में इसका मुकाबला टाटा हैरियर, टाटा सफारी, ह्यून्दे क्रेटा और ह्यून्दे एल्कजार जैसी कारों से होने वाला है।

स्कॉर्पियो क्लासिक की तुलना में बड़ी

महिंद्रा स्कॉर्पियो एन की तुलना स्कॉर्पियो क्लासिक से करें तो ये 206 मिमी लंबी, 97 मिमी चौड़ी और 70 मिमी ज्यादा व्हीलबेस के साथ मार्केट में उतारी गई है। नई जनरेशन के साथ 17-इंच डायमंड कट अलॉय व्हील्स, एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप्स, एलईडी टेललैंप्स, इलेक्ट्रिक ओआरवीएम और शार्कफिन एंटीना जैसे बाहरी बदलाव दिए गए हैं। ये एसयूवी 7 रंगों - डीप फॉरेस्ट, डैजलिंग सिल्वर, रॉयल गोल्ड, नपोली ब्लैक, ऐवरेस्ट व्हाइट, रैड रेज और ग्रैंड कैनन में पेश की गई है।

केबिन में क्या-क्या मिला

व्हीलबेस बढ़ने से नई स्कॉर्पियो एन का केबिन पहले ज्यादा जगह वाला हो गया है और महिंद्रा ने इसे प्रीमियम बनाया है। यहां 12 स्पीकर्स वाले सोनी सिस्टम के साथ 3डी सराउंड साउंड सिस्टम, ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी, 20.32 इंच का इंफोटेनमेंट स्क्रीन, सेगमेंट में सबसे चौड़ी सनरूफ, लेदरेट सीट्स और 70 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स एसयूवी के केबिन में दिए गए हैं। यहां एड्रीनॉक्स के जरिए टेंपरेचर कंट्रोल किया जा सकता है, इसके अलावा दावा है कि ये दुनिया की पहली एसयूवी है जिसे व्हाट3वर्ड्स नेविगेशन सिस्टम दिया गया है जो वॉइस कमांड पर काम करता है।

कितना दमदार है इंजन

नई स्कॉर्पियो एन के साथ एमस्टेलियन पेट्रोल इंजन दिया गया है जो 200 पीएस ताकत और 380 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। दूसरी ओर एमहॉक डीजल इंजन 175 पीएस पावर और 400 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। ये नई एसयूवी सेगमेंट की सबसे कम प्रदूषण फैलाने वाली कार बनकर सामने आई है। कंपनी ने इस दोनों इंजन को 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्पों से लैस किया है। इसके साथ ही सेगमेंट में पहली बार शिफ्ट बाय केबल तकनीक का इस्तेमाल भी इसी एसयूवी में किया गया है।

सेफ्टी में भी जोरदार है नई एसयूवी

महिंद्रा स्कॉर्पियो एन के साथ 6 एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम, हिल होल्ड कंट्रोल, ब्रेक डिस्क वाइपिंग, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक प्रीफिल, ई-कॉल, एसओएस स्विच और रोल ओवर मिटिगेशन जैसे कई और सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा नई एसयूवी कई ड्राइविंग मोड्स के साथ आई है जिनमें टारमेक, स्नो, मड और डेजर्ट शामिल हैं। नई कार को 4एक्सप्लोर टेरेन मैनेजमेंट सिस्टम भी दिया गया है।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article