ऑटो न्यूज़

मोबाइल बनाने वाली Xiaomi अब इलेक्ट्रिक कारों पर करेगी फोकस, पेश कर चुकी शानदार EV

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Feb 5, 2024, 04:57 PM IST

Xiaomi एशिया की तीसरी सबसे बड़ी मोबाइल निर्माता है जिसने कुछ समय पहले ही दुनिया के सामने अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार एसयू7 पेश की है। दिखने में ये कार बेहद खूबसूरत है और इसके तेज रफ्तार होने का दावा भी कंपनी कर रही है।

Image

टेस्ला मॉडल एस जैसी कारों को ये टक्कर देने वाली है।

KEY HIGHLIGHTS
  • अब शाओमी का फोकस इलेक्ट्रिक कारें
  • कुछ समय पहले पेश की है एसयू7 ईवी
  • दिखने में खूबसूरत और तेज रफ्तार कार

Xiaomi SU7 Electric Car: चीन की स्मार्टफोन कंपनी शाओमी ने कुछ समय पहले ही अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार एसयू7 से पर्दा हटाया है और अब कंपनी का पूरा फोकस इलेक्ट्रिक कारों पर ही होने वाला है। फोन बनाने वाली इस कंपनी की इलेक्ट्रिक व्हीकल विंग ने इस शानदार कार को तैयार किया है। शाओमी ईवी ने इस कार की बहुत सी जानकारी उपलब्ध कराई है जो यहां हम आपको बता रहे हैं। शाओमी के चेयरमैन और सीईओ ली जुन ने कहा कि ग्राहकों की चाहतों के हिसाब से इस इलेक्ट्रिक कार को डिजाइन किया गया है। हाल में उन्होंने कहा है कि अब कंपनी का मुख्य फोकस इलेक्ट्रिक कारों की ओर होगा। उनका मानना है कि इस कार का फिलहाल कोई मुकाबल नहीं है, लेकिन टेस्ला मॉडल एस जैसी कारों को ये टक्कर देने वाली है।

प्रोडक्शन शुरू हुआ

कंपनी ने इस इलेक्ट्रिक कार का उत्पादन भी शुरू कर दिया है और चीन के बीएआईसी ग्रुप की बीजिंग स्थित फैसिलिटी में ये कार बनाई जा रही है। यहां सालाना 2 लाख शाओमी इलेक्ट्रिक कारें बनाने की क्षमता है। कंपनी बैटरी क्षमता और रेंज के हिसाब से इसे कई वेरिएंट्स में लॉन्च करेगी। इसके साथ 73.6 किलोवाट-आर बैटरी पैक मिला है, वहीं ज्यादा दमदार बैटरी पैक 101 किलोवाट-आर का होगा। ये सिंगल चार्ज में करीब 800 किमी तक रेंज देगा। इसके अलावा कंपनी 150 किलोवाट-आर बैटरी पैक वाला वेरिएंट भी ला रही है जिसकी रेंज 1,200 किमी तक होगी।

तेज रफ्तार होगी ईवी

शाओमी एसयू7 ईवी को वी6 और वी6एस मोटर्स के साथ पेश किया जाएगा जो 299 से 374 एचपी तक पावर जनरेट करती हैं। इसका पीक टॉर्क 635 एनएम तक होगा। इसकी टॉप स्पीड 210 किमी/घंटा से 265 किमी/घंटा तक होने वाली है। शानदार लुक के साथ टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर इसे डिजाइन किया गया है जो दिखने में खूबसूरत है। ये कार सेल्फ पार्किंग, सेल्फ ड्राइविंग तकनीक, हाई रिजोल्यूशन कैमरा लाइडर के अलावा अल्ट्रासॉनिक और रडार के साथ आएगी। कुल मिलाकर अगर आप नई इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार का इंतजार कर रहे हैं तो ये एक जोरदार विकल्प है।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article