महिंद्रा अपनी लोकप्रिय बोलेरो लाइनअप में नए अपडेट्स लाने की तैयारी कर रही है। हाल ही में महिंद्रा बोलेरो क्लासिक और बोलेरो नियो को भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया था। अब ऑटो गुड व्लॉग्स द्वारा यूट्यूब पर अपलोड किए गए ताजा वीडियो में महिंद्रा बोलेरो नियो फेसलिफ्ट का बिना कवर वाला लुक सामने आया है। उम्मीद की जा रही है कि इसकी लॉन्चिंग इसी सप्ताह होगी।
वीडियो से साफहै कि नए बोलेरो नियो फेसलिफ्ट में कई डिजाइन बदलाव किए गए हैं। पुराना वर्टिकल स्लैट ग्रिल हटाकर कंपनी ने इसमें नया हॉरिजॉन्टल स्लैट ग्रिल दिया है, हालांकि इसका ओवरऑल शेप पहले जैसा ही है। पिछले स्पाई शॉट्स की तरह इसमें पुराने मॉडल का सिंगल बैरल रिफ्लेक्टर चैंबर हेडलाइट बरकरार है। साइड प्रोफाइल भी मौजूदा मॉडल जैसा ही दिखता है।
इंटीरियर की बात करें तो बोलेरो नियो के N8 वेरिएंट में ब्लैक और डार्क ब्राउन थीम दी गई है। वहीं, N10 वेरिएंट में बाहर से ज्यादा प्रीमियम लुक के लिए ग्रिल पर क्रोम इंसर्ट्स दिए गए हैं। अंदर की तरफ N10 मॉडल में ब्लैक-डार्क ब्राउन थीम के साथ सिल्वर ग्रैब हैंडल, बड़ा 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और अन्य अपडेट्स मिलते हैं।
इंजन की बात करें तो 2025 महिंद्रा बोलेरो नियो में मौजूदा मॉडल वाला ही 1.5-लीटर mHawk डीज़ल इंजन मिलने की उम्मीद है, जो करीब 98.64 hp पावर और 260 Nm टॉर्क जेनरेट करता है। इसमें मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दोनों विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
