ऑटो न्यूज़

नई कार खरीद रहे हैं तो कार इंश्योरेंस पर इस तरह करें बड़ी बचत, रखें इन 5 बातों का ख्याल

नई कार खरीदने के लिए इस साल का फेस्टिव सीजन बहुत ही खास है, क्योंकि इस बार डबल ऑफर्स मिल रहा है। पहला तोहफा तो सरकार की ओर से जीएसटी 2.0 के रूप में मिला है और दूसरा कंपनियां खुद भी अपनी गाड़ियों पर नवरात्रि और दिवाली ऑफर दे रही हैं, लेकिन इन सबके बीच परफेक्ट इंश्योरेंस पॉलिसी का चुनाव करना भी अहम है। आइए जानते हैं कि नई कार का इंश्योरेंस लेने से पहले आपको किन 5 बातों का ध्यान रखना चाहिए।

Image

car insurance/Photo-CANVA

दिवाली की रौनक के बीच अगर आप नई कार खरीदने का सपना पूरा कर रहे हैं, तो यह जश्न को और भी खास बना देगा। ब्रांड्स इस समय आकर्षक ऑफर्स और डिस्काउंट्स लेकर आते हैं, जिससे कार खरीदना और भी आसान हो जाता है, लेकिन कार चुनने जितना ही जरूरी है सही इंश्योरेंस पॉलिसी का चुनाव करना। आइए जानते हैं, इस दिवाली अपनी नई कार का बीमा करते समय किन 5 बातों पर जरूर ध्यान दें...

1. नो-क्लेम बोनस (NCB) ट्रांसफर करना न भूलें

नई कार लेते समय अपनी अच्छी ड्राइविंग आदतों का फायदा जरूर उठाएं। अगर आपने पहले क्लेम नहीं किया है तो NCB आपको नई पॉलिसी पर भी डिस्काउंट दिला सकता है। यह बोनस कार पर नहीं, बल्कि आप पर लागू होता है। कार बेचते समय अपने बीमाकर्ता से NCB रिटेंशन लेटर लेना न भूलें, जो आमतौर पर 3 साल तक मान्य रहता है। इससे प्रीमियम पर आपको 50% तक की छूट मिल सकती है।

2. डीलर की पॉलिसी पर तुरंत सहमति न दें

नई कार लेते समय डीलर की बीमा पॉलिसी लेना आसान लगता है, लेकिन यह हमेशा फायदेमंद नहीं होती। डीलरों के तयशुदा टाई-अप होते हैं और उनके कोटेशन अक्सर महंगे पड़ते हैं। बेहतर होगा कि आप ऑनलाइन पॉलिसी विकल्पों की तुलना करें। इसमें आप क्लेम असिस्टेंस, कैशलेस गैराज नेटवर्क, राइडर्स और एक्सक्लूज़न जैसी अहम चीजें ध्यान से देख सकते हैं।

3. कम ड्राइव करते हैं? तो लें यूजेज-बेस्ड इंश्योरेंस

अगर आप कार रोजाना इस्तेमाल नहीं करते, तो ज्यादा प्रीमियम देने की जरूरत नहीं। अब Pay-As-You-Drive जैसी योजनाएं उपलब्ध हैं, जिसमें जितना चलाएंगे, उतना ही भुगतान करेंगे। बेस प्लान आमतौर पर 2,500 किमी सालाना से शुरू होता है और 10,000 किमी तक जा सकता है। इससे आप 30% तक की बचत कर सकते हैं।

4. अपनी जरूरत के हिसाब से ऐड-ऑन चुनें

प्रीमियम बचाने का मतलब जरूरी कवरेज को हटाना नहीं है। कार जैसे बड़े निवेश के लिए लंबी अवधि का सोचना समझदारी है। उदाहरण के लिए, भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थितियों से बचाव के लिए इंजन प्रोटेक्टर लेना फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा जीरो डिप्रिशिएशन, रोडसाइड असिस्टेंस और पर्सनलाइज्ड ऐड-ऑन आपको लंबे समय में बड़े नुकसान से बचा सकते हैं।

5. सिर्फ थर्ड-पार्टी नहीं, लें कॉम्प्रिहेंसिव कवरेज

कानूनन थर्ड-पार्टी बीमा लेना जरूरी है, लेकिन नई कार को पूरी सुरक्षा देने के लिए कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी बेहद अहम है। नई कार खरीदते समय 1 साल का ओन-डैमेज कवर और 3 साल का थर्ड-पार्टी कवर लेना अनिवार्य है। बाद में आप 3+3 प्लान चुन सकते हैं, जिसमें ओन-डैमेज और थर्ड-पार्टी दोनों का 3 साल तक कवरेज मिलता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article