ऑटो न्यूज़

Hyundai Bayon SUV का फर्स्ट लुक आया सामने, अक्टूबर में होगी लॉन्च! जानें क्या होगा खास

Hyundai इस त्योहारी सीजन अपने भारतीय ग्राहकों के लिए Bayon SUV को लाने जा रहा है। कंपनी ने इस कार के शुरुआती स्केच जारी कर दिए हैं, जिन्हें कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर देखा जा सकता है।

Image

Hyundai Bayon का फर्स्ट लुक हुआ जारी

Hyundai की नई मिड-साइज एसयूवी Bayon को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। अब कंपनी ने इस अपकमिंग एसयूवी के शुरुआती स्केच जारी कर दिए हैं। Hyundai Bayon को अक्टूबर 2026 में लॉन्च किया जा सकता है, हालांकि कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च डेट की घोषणा नहीं की है। यह SUV भारतीय बाजार में Creta के नीचे पोजिशन की जा सकती है और ज्यादा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए पेट्रोल के साथ सीएनजी विकल्प भी मिल सकता है।

कैसा होगा नई एसयूवी का डिजाइन

नई Hyundai Bayon में कंपनी की नई Art of Steel डिजाइन लैंग्वेज देखने को मिलेगी। इसके अलावा इसमें नया H-Edge लाइटिंग सिग्नेचर भी दिया जाएगा। स्केच और सामने आई तस्वीरों के मुताबिक SUV को ज्यादा सीधा और मजबूत स्टांस दिया गया है। इसमें स्कल्प्टेड बोनट, उभरे हुए फेंडर्स, बड़े और चौकोर व्हील आर्च, रूफ रेल्स और अलॉय व्हील्स मिल सकते हैं। आगे की तरफ ट्रैपेजॉइडल शेप में LED हेडलैंप हाउसिंग और पीछे स्पोर्टी बंपर दिया जा सकता है।

Upcoming Car

Bayon

प्रीमियम होगा एसयूवी का केबिन

Hyundai Bayon के केबिन को भी आधुनिक और प्रीमियम बनाने की तैयारी है। इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और वायरलेस Android Auto व Apple CarPlay कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा लेदरेट सीट्स, रियर पार्किंग कैमरा, पार्किंग सेंसर और कई एयरबैग जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं। यानी कंपनी SUV में डिजाइन के साथ टेक्नोलॉजी और कनेक्टेड फीचर्स पर भी फोकस कर सकती है।

अंडरबॉडी CNG टैंक मिलने की उम्मीद

पावरट्रेन की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक Hyundai Bayon में Creta से लिया गया 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। इसके साथ CNG पावरट्रेन का विकल्प भी मिलने की उम्मीद है। CNG वर्जन में अंडरबॉडी CNG टैंक दिया जा सकता है। दोनों पावरट्रेन के साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प मिलने की संभावना है।

कितनी हो सकती है कीमत

कीमत की बात करें तो Hyundai Bayon को Venue और Creta के बीच रखा जा सकता है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 10 लाख रुपये होने की उम्मीद है। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Maruti Suzuki Victoris, Kia Seltos, Maruti Grand Vitara, Toyota Hyryder, Honda Elevate, Skoda Kushaq और Volkswagen Taigun जैसी SUVs से हो सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article