ऑटो न्यूज़

भारत में एंट्री से पहले दिखी BYD की लग्जरी MPV Denza D9, 13 नवंबर को होगी लॉन्च

BYD अपने भारतीय ग्राहकों के लिए Denza D9 एमपीवी को लाने जा रही है। इस लग्जरी एमपीवी को भारत में 13 नवंबर को लॉन्च किया जा रहा है।

Image

Denza D9 भारत में एंट्री के लिए पूरी तरह तैयार (Photo: denza official Website)

चीन की प्रमुख इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी बीवाईडी (BYD) भारतीय बाजार में अपनी लग्जरी MPV Denza D9 को पेश करने की तैयारी कर रही है। लॉन्च से पहले इस प्रीमियम एमपीवी को भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। इसकी स्पाई तस्वीरों से गाड़ी के डिजाइन को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। कंपनी इसे 13 नवंबर को भारतीय बाजार में लॉन्च करने वाली है।

MPV Denza D9 का डिजाइन

सामने आई तस्वीरों में ग्रे रंग की D9 एक बंद ट्रांसपोर्टर से उतरती दिखाई दी। कार पर कैमोफ्लाज नहीं था। पिछले हिस्से में पूरी चौड़ाई तक फैली LED टेललाइट, बड़ा DENZA लोगो, D9 बैज, रूफ स्पॉयलर और बंपर पर क्रोम फिनिश नजर आती है। इसका डिजाइन बड़ा और सीधा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मॉडल 5,250 मिमी लंबा, 1,960 मिमी चौड़ा और 1,920 मिमी ऊंचा है। इसका व्हीलबेस 3,110 मिमी है और इसमें सात सीटें मिलती हैं।

इलेक्ट्रिक पावरट्रेन और रेंज

अंतरराष्ट्रीय बाजार में Denza D9 इलेक्ट्रिक और प्लग-इन हाइब्रिड, दोनों विकल्पों में उपलब्ध है। भारत में इसका पूरी तरह इलेक्ट्रिक वर्जन आने की उम्मीद है। ग्लोबल मॉडल में 103.36kWh की BYD Blade बैटरी दी गई है। फ्रंट-व्हील-ड्राइव वर्जन में एक इलेक्ट्रिक मोटर 313hp की पावर और 360Nm का टॉर्क जनरेट करती है। इसकी दावा की गई WLTP रेंज 520 किलोमीटर तक है। कुछ बाजारों में डुअल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव विकल्प भी मिलता है। भारत में कौन-सा वर्जन आएगा, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं है।

केबिन में मिलेंगी लग्जरी सुविधाएं

D9 का केबिन खासतौर पर दूसरी रो के यात्रियों के आराम को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। अंतरराष्ट्रीय मॉडल में कैप्टन सीटें मिलती हैं, जिनमें इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट, हीटिंग, वेंटिलेशन और मसाज फंक्शन दिए गए हैं। पीछे बैठे यात्रियों के लिए एंटरटेनमेंट स्क्रीन और टच कंट्रोल भी हैं। इसके अलावा बड़ी टचस्क्रीन, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, पैनोरमिक सनरूफ, तीन-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और प्रीमियम साउंड सिस्टम जैसे फीचर उपलब्ध हैं। भारत आने वाले मॉडल में कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी, यह लॉन्च पर स्पष्ट होगा।

कीमत और मुकाबला

भारतीय बाजार में Denza D9 की कीमत करीब 90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रहने का अनुमान है। इसे पूरी तरह निर्मित यूनिट यानी CBU के रूप में आयात किया जा सकता है। इस सेगमेंट में इसका मुकाबला MG M9 और Toyota Vellfire जैसी प्रीमियम एमपीवी से होगा। 13 नवंबर के डेब्यू पर कंपनी कीमत, बुकिंग और बिक्री की जानकारी दे सकती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article