New Hero Mavrick 440 Unveiled: हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी सबसे दमदार मोटरसाइकिल मैवरिक 440 से भारतीय मार्केट के लिए पर्दा हटा लिया है। कंपनी ने इसे दुनिया भर में पॉपुलर हार्ली-डेविडसन के साथ मिलकर तैयार किया है और ये नई बाइक हार्ली एक्स440 रोड्सटर पर आधारित है। दिखने में हीरो मैवरिक 440 बहुत जोरदार है और कहीं ना कहीं इसका मुकाबला रॉयल एनफील्ड की दमदार मोटरसाइकिल से होने वाला है। कंपनी ने इसे चार रंगों और तीन वेरिएंट्स में पेश किया है। इसका बेस वेरिएंट स्पोक व्हील्स और इकलौते आर्कटिक व्हाइट कलर में उपलब्ध होगा।
कब शुरू होगी इसकी बुकिंग
हीरो मैवरिक 440 के मिड वेरिएंट में ग्राहकों को अलॉय व्हील्स मिलेंगे और दो रंगों - सेलेस्टियल ब्लू और फियरलेस रेड में ये बाइक उपलब्ध होगी। इसके अलावा टॉप वेरिएंट के साथ मशीन्ड अलॉय व्हील्स मिलेंगे, वहीं फैंटम ब्लैक और एनिग्मा ब्लैक कलर्स में ये बाइक पेश की गई है। कंपनी फरवरी 2024 से नई मैवरिक बाइक की बुकिंग शुरू करने वाली है और इसी के आस-पास लॉन्च भी किया जाएगा। हालांकि बुकिंग करने वाले ग्राहकों को इसकी डिलीवरी अप्रैल 2024 से मिलना शुरू होगी।
लुक और स्टाइल में जोरदार
हीरो मोटोकॉर्प ने नई मैवरिक 440 को जोरदार स्टाइल और डिजाइन दिया है। यहां एलईडी प्रोजेक्टर के साथ गोल हेडलैंप और एच आकार के डीआरएल दिए हैं। अगला हिस्सा जितना आक्रामक दिखता है, पिछला हिस्सा भी उतना ही आकर्षक बनाया गया है जो इसे स्पोर्टी लुक देता है। बाइक को सभी जगह एलईडी लाइटिंग मिली है, पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, टर्न बाय टर्न नेविगेशन और कॉल/मैसेज अलर्ट भी राइडर को मिलेंगे। बाइक के साथ स्लिपर क्लच के अलावा सी टाइप यूएसबी चार्जिंग पोर्ट भी मिला है।
सबसे दमदार हीरो बाइक
नई मैवरिक 440 अब तक की सबसे दमदार हीरो बाइक बन गई है जिसके साथ 440 सीसी का ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है। यही दमदार इंजन हार्ली-डेविडसन की एक्स440 रोड्सटर मोटरसाइकिल के साथ भी मुहैया कराया जा रहा है। सिंगल सिलेंडर वाला ये इंजन 27 बीएचपी ताकत और 36 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी ने इस इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया है जो सामान्य तौर पर स्लिपर और असिस्ट क्लच से लैस है।
