देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है और इसी को देखते हुए Tata, Mahindra और Maruti Suzuki आने वाले महीनों में अपनी नई मिडसाइज इलेक्ट्रिक SUVs पेश करने की तैयारी में हैं। इनमें Tata Sierra, Mahindra XEV 9S और Maruti Suzuki e Vitara जैसे मॉडल शामिल हैं। आइए जानते हैं इनकी संभावित लॉन्चिंग टाइमलाइन और कीमतें....
Tata Sierra
टाटा मोटर्स अपनी मशहूर Sierra SUV को एक नए रूप में वापस लाने जा रही है। कंपनी इसे दो विकल्पों ICE (पेट्रोल/डीजल) और EV में पेश करेगी। पेट्रोल-डीजल मॉडल का लॉन्च 25 नवंबर 2025 को है, जबकि इलेक्ट्रिक वेरिएंट जनवरी 2026 में आने की उम्मीद है।
नई सिएरा में ट्रिपल-स्क्रीन लेआउट दिया जाएगा, जिसमें ड्राइवर डिस्प्ले, इंफोटेनमेंट यूनिट और पैसेंजर स्क्रीन शामिल होंगी। इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, लेवल-2 ADAS, 360° कैमरा, वेंटिलेटेड सीट्स और कनेक्टेड कार टेक जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
पावरट्रेन की बात करें तो ICE वर्जन में 1.5L टर्बो पेट्रोल (165 HP) और 2.0L डीजल इंजन का विकल्प मिलेगा। इलेक्ट्रिक मॉडल में 59kWh और 79kWh बैटरी पैक दिए जाएंगे, जिनकी रेंज 450–550 किलोमीटर के बीच हो सकती है। कीमतें पेट्रोल/डीजल मॉडल के लिए 15–25 लाख रुपये और इलेक्ट्रिक वर्जन के लिए 20–30 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखने की संभावना है।
Mahindra XEV 9S
महिंद्रा अपनी नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक SUV XEV 9S को बाजार में उतारने की तैयारी कर चुकी है। INGLO प्लेटफॉर्म पर बनी यह SUV असल में XUV700 का इलेक्ट्रिक रूप मानी जा रही है। मॉडल का ग्लोबल लॉन्च 27 नवंबर 2025 को बेंगलुरु में होगा और जनवरी 2026 से इसकी बिक्री शुरू हो सकती है।
इंटीरियर में प्रीमियम लुक के लिए ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड, स्लाइडिंग सेकेंड-रो सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ और हार्मन कार्डन साउंड सिस्टम दिया जाएगा। सुरक्षा व सुविधा के लिए लेवल-2 ADAS, V2L/V2V चार्जिंग सपोर्ट जैसी उन्नत खूबियाँ मिलेंगी। बैटरी के दो विकल्प 59kWh और 79kWh उपलब्ध होंगे, जो 450 से 500 किलोमीटर की रेंज प्रदान करेंगे।
Maruti Suzuki e Vitara
मारुति सुजुकी की पहली बड़ी इलेक्ट्रिक SUV e Vitara को टोयोटा के साथ मिलकर विकसित किया जा रहा है और इसे गुजरात प्लांट में तैयार किया जा रहा है। SUV की लॉन्चिंग दिसंबर 2025 में संभावित है। e Vitara का डिजाइन बॉक्सी और मजबूत अपील वाला होगा, जिसमें मैट्रिक्स LED हेडलाइट्स, 18-इंच अलॉय व्हील्स और प्रीमियम एक्सटीरियर मिलेगा। इंटीरियर में 10.25-इंच टचस्क्रीन, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 360-डिग्री कैमरा, 7 एयरबैग, लेवल-2 ADAS और Suzuki Connect जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।
यह मॉडल 49kWh (144 HP) और 61kWh (174 HP) बैटरी विकल्पों में आएगा, जो MIDC के अनुसार 500+ किलोमीटर की रेंज देने में सक्षम होगा। भारत में यह केवल FWD वर्जन में उपलब्ध होगी, जबकि इंटरनेशनल मार्केट में इसका AWD मॉडल भी पेश किया जाएगा। कीमतें लगभग 17 लाख रुपये से शुरू होकर 25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जा सकती हैं।
