Toyota ने भारतीय बाजार में अपनी प्रीमियम हैचबैक ग्लैंजा का फेसलिफ्ट मॉडल (Toyota Glanza Facelift) लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.99 लाख रुपये रखी गई है, जबकि टॉप वेरिएंट की कीमत 10.49 लाख रुपये है। पुराने मॉडल की शुरुआती कीमत 6.73 लाख रुपये थी, यानी नए मॉडल की कीमत में 26,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। नई ग्लैंजा में अपडेटेड डिजाइन, वेंटिलेटेड सीट्स, नए पेट्रोल इंजन और बेहतर फीचर्स दिए गए हैं।
Toyota Glanza Facelift का डिजाइन हुआ अपडेट
नई Toyota Glanza के फ्रंट डिजाइन में सबसे ज्यादा बदलाव देखने को मिले हैं। इसमें नया बंपर, रीडिजाइन ग्रिल और सैटिन सिल्वर एक्सेंट दिए गए हैं। इसके अलावा, मेश-स्टाइल ग्रिल और बोनट के आगे क्रोम फिनिश के साथ Toyota का लोगो मिलता है।
कार में नए लोअर साइड स्कर्ट्स और 16 इंच के डुअल-टोन अलॉय व्हील्स भी दिए गए हैं। हालांकि, इसका साइड प्रोफाइल पहले जैसा ही है और पिछले हिस्से में मामूली बदलाव किए गए हैं। ग्राहक इस कार को सात कलर ऑप्शन में खरीद सकते हैं।
वेंटिलेटेड सीट्स समेत मिलेंगे कई फीचर्स

Toyota Glanza Facelift
Toyota Glanza फेसलिफ्ट का सबसे बड़ा आकर्षण इसकी नई वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स हैं, जो गर्मी के मौसम में आरामदायक सफर में मदद करेंगी। इसके अलावा कार में 360 डिग्री कैमरा, फ्रंट पार्किंग सेंसर, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसमें 9 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, हेड-अप डिस्प्ले, वायरलेस चार्जर और रियर AC वेंट्स भी दिए गए हैं। कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी भी इसका हिस्सा है।
सेफ्टी के लिए मिलेंगे 6 एयरबैग
सेफ्टी के मामले में नई ग्लैंजा में छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), हिल-होल्ड असिस्ट और ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर दिए गए हैं। वहीं, 360 डिग्री कैमरा और फ्रंट पार्किंग सेंसर तंग जगहों पर कार पार्क करने में मदद करेंगे।
नया 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन
नई ग्लैंजा में पहले मिलने वाले चार-सिलेंडर इंजन की जगह 1.2 लीटर का नया तीन-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 83PS की पावर और 112Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 5-स्पीड मैनुअल और AMT गियरबॉक्स के विकल्प मिलते हैं।
CNG वेरिएंट में भी AMT का विकल्प
Toyota Glanza फेसलिफ्ट का सीएनजी वेरिएंट भी उपलब्ध है। इसमें इंजन 70PS की पावर और 102Nm का टॉर्क देता है। खास बात यह है कि अब सीएनजी मॉडल में भी AMT गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा। इससे ग्राहकों को कम रनिंग कॉस्ट के साथ ऑटोमैटिक ड्राइविंग की सुविधा भी मिलेगी।
