ऑटो न्यूज़

16 अक्टूबर को लॉन्च होगी नई Hero Xtreme 160R 4V, जानिए किन फीचर्स के साथ लेगी एंट्री

Hero MotoCorp की पॉपुलर बाइक Hero Xtreme 160R 4V को नए अपडेट्स के साथ लाया जा रहा है। इस नई बाइक के फ्यूल टैंक, सीट, हेडलाइट और टेललाइट के डिजाइन में बदलाव होने की उम्मीद की जा रही है।

Image

नए अवतार में आ रही Hero Xtreme 160R 4V (Photo: hero motocorp)

Hero MotoCorp अपनी पॉपुलर बाइक Hero Xtreme 160R 4V को नए अवतार में पेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी 16 अक्टूबर 2026 को इस बाइक का अपडेटेड मॉडल लॉन्च कर सकती है। लॉन्च से पहले जारी किए गए टीजर में बाइक के डिजाइन की झलक देखने को मिली है। कंपनी इस अपकमिंग बाइक में 160cc स्पोर्टी बाइक सेगमेंट में पहले से मौजूद Bajaj Pulsar N160 4V और TVS Apache RTR 160 4V को टक्कर देने के लिए नए फीचर्स शामिल कर सकती है।

नए डिजाइन में आएगी Xtreme 160R 4V

2026 Hero Xtreme 160R 4V के डिजाइन में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। नए टीजर के मुताबिक, बाइक के फ्यूल टैंक, सीट, हेडलाइट और टेललाइट के डिजाइन में बदलाव होने की उम्मीद है। इसके अलावा, बाइक की राइडिंग पोजीशन और एर्गोनॉमिक्स में भी सुधार किया जा सकता है, जिससे रोजाना इस्तेमाल के दौरान राइडर को बेहतर एक्सपीरियंस मिलेगा। पिछले टीजर में बाइक के पिछले पहिये के पास रियर टायर हगर दिखाई दिया था, लेकिन नए टीजर में यह नजर नहीं आया है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक डिजाइन से जुड़े सभी बदलावों की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

मिल सकता है नया TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर

अपडेटेड बाइक का सबसे बड़ा आकर्षण इसका संभावित TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर हो सकता है। मौजूदा Xtreme 160R 4V में LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है, जिसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा दी गई है। नए मॉडल में TFT डिस्प्ले मिलने से बाइक के टेक्नोलॉजी फीचर्स बेहतर हो सकते हैं।

इसके साथ Google Maps मिररिंग, ऑटो ब्राइटनेस, लैप टाइमर और डॉक्यूमेंट स्टोरेज जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है। हालांकि, इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि लॉन्च के समय ही होगी। इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल बॉडी (ETB), क्रूज कंट्रोल और तीन राइडिंग मोड जैसे फीचर्स भी नए मॉडल में जारी रह सकते हैं।

इंजन और परफॉर्मेंस में क्या होगा बदलाव?

मौजूदा Hero Xtreme 160R 4V में 163.2cc का सिंगल-सिलेंडर, 4-वॉल्व इंजन मिलता है। यह इंजन 16.9 PS की पावर और 14.9 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। नए मॉडल में इंजन में बड़े बदलाव की संभावना कम है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। बेहतर ब्रेकिंग के लिए कंपनी कुछ अपडेट भी दे सकती है।

क्या महंगी होगी नई बाइक?

फिलहाल Hero Xtreme 160R 4V की एक्स-शोरूम कीमत लगभग 1.35 लाख रुपये से 1.38 लाख रुपये के बीच है। नए मॉडल में अतिरिक्त फीचर्स और डिजाइन अपडेट मिलने पर कीमत बढ़ सकती है। हालांकि, कंपनी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए मौजूदा कीमतों को भी बरकरार रख सकती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article