नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की मदद के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित हेल्पलाइन तैयार कर रही है। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस सुविधा के जरिए छात्र परीक्षा से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे और अपनी पसंद की भाषा में जवाब पा सकेंगे। फिलहाल इस हेल्पलाइन की टेस्टिंग चल रही है। NTA ने अभी इसे आम छात्रों के लिए शुरू करने की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। इस सुविधा के लिए टोल-फ्री नंबर 1800 180 47 47 का इस्तेमाल किया जा रहा है। पहले इस नंबर को परीक्षा सुधारों पर लोगों की राय और सुझाव लेने के लिए तैयार किया गया था। अब इसे AI आधारित हेल्पलाइन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इसका मकसद छात्रों को जानकारी खोजने के लिए अलग-अलग वेबसाइटों और पेजों को देखने की परेशानी से बचाना है। हेल्पलाइन के जरिए परीक्षा की तारीख, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और रजिस्ट्रेशन के दौरान जरूरी दस्तावेजों से जुड़े सवाल पूछे जा सकेंगे।
NEET और JEE समेत इन परीक्षाओं में मिलेगी मदद
NTA कई बड़ी परीक्षाएं आयोजित करता है। इनमें NEET UG, JEE Main, CUET UG और UGC NET जैसी परीक्षाएं शामिल हैं। इन परीक्षाओं के लिए आवेदन करते समय छात्रों को अक्सर पात्रता, फीस, आवेदन की आखिरी तारीख, एडमिट कार्ड और परीक्षा शेड्यूल से जुड़ी जानकारी चाहिए होती है।
AI हेल्पलाइन शुरू होने पर छात्रों को ऐसे सामान्य सवालों के जवाब आसानी से मिल सकते हैं। खासकर उन अभ्यर्थियों को फायदा हो सकता है, जिन्हें अंग्रेजी में जानकारी समझने या वेबसाइट पर सही नोटिस खोजने में परेशानी होती है।
कब शुरू होगी AI हेल्पलाइन?
यह पहल परीक्षा सुधारों के लिए बनाई गई हाई-पावर्ड टास्क फोर्स के काम से जुड़ी है, जिसकी अगुवाई नंदन नीलेकणि कर रहे हैं। हालांकि, हेल्पलाइन अभी परीक्षण यानी टेस्टिंग के दौर में है। इसके सार्वजनिक रूप से शुरू होने की तारीख और उपलब्ध भाषाओं के बारे में आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: NTA क्या है? जानें इसकी स्थापना से लेकर NEET विवाद तक की पूरी कहानी
