ऑटो न्यूज़

Thar EV से लेकर 3XO CNG तक, Mahindra की इन अपकमिंग SUV पर टिकी नजरें

महिंद्रा अपने ग्राहकों के लिए कई नई एसयूवी लाने की तैयारी में है। इनमें Mahindra XUV 3XO CNG, Thar Roxx, Scorpio N Facelift, Vision S पर बेस्ड नई SUV और Thar EV शामिल हैं।

Image

महिंद्रा की नई एसयूवी का हर किसी को बेसब्री से इंतजार

महिंद्रा अपनी एसयूवी रेंज को मजबूत बनाने की तैयारी कर रही है। कंपनी की कई अपकमिंग एसयूवी को हाल ही में एक साथ टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है। इनमें Mahindra XUV 3XO CNG, Thar Roxx, Scorpio N Facelift, Vision S पर बेस्ड नई SUV और Thar EV शामिल हैं। इन गाड़ियों में कुछ मॉडल जल्द बाजार में दस्तक दे सकते हैं, जबकि कुछ को लॉन्च होने में अभी समय लगेगा। आइए जल्दी से महिंद्रा की अपकमिंग एसयूवी की डिटेल्स पर एक नजर डाल लेते हैं-

Mahindra XUV 3XO CNG जल्द होगी लॉन्च

महिंद्रा जल्द ही अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV XUV 3XO का CNG वर्जन पेश करने वाली है। इस SUV का डेब्यू 15 अक्टूबर 2026 को होना जा रहा है। इसमें फैक्ट्री-फिटेड CNG किट मिलने की संभावना है। यह मॉडल उन ग्राहकों के लिए खास हो सकता है, जो SUV खरीदने के साथ फ्यूल का खर्च भी कम रखना चाहते हैं। इसके इंजन और कीमत से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Mahindra Vision S पर बेस्ड नई SUV

महिंद्रा Vision S कॉन्सेप्ट पर बेस्ड एक नई सब-4-मीटर SUV पर भी काम कर रही है। इसे Scorpio Sport नाम दिया जा सकता है, हालांकि कंपनी ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। इसके 2027 में लॉन्च होने की उम्मीद है। टेस्टिंग मॉडल में बॉक्सी डिजाइन, आकर्षक LED लाइटिंग और बड़े व्हील्स जैसे संकेत मिले हैं। इसमें पेट्रोल, डीजल, इलेक्ट्रिक और फ्लेक्स-फ्यूल पावरट्रेन के विकल्प मिलने की संभावना जताई जा रही है।

Thar Roxx में मिल सकते हैं नए सस्पेंशन

Mahindra Thar Roxx को भी नए DaVinci डैम्पर्स के साथ टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। माना जा रहा है कि कंपनी इस तकनीक के जरिए SUV की राइड क्वालिटी और ड्राइविंग एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने की तैयारी कर रही है। हालांकि, इसके लॉन्च और फीचर्स को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

Scorpio N Facelift में क्या होगा नया?

महिंद्रा Scorpio N के फेसलिफ्ट पर भी काम कर रही है। इसमें डिजाइन और केबिन से जुड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की Lifestyler पिकअप से प्रेरित स्टाइलिंग और पोर्ट्रेट-स्टाइल इंफोटेनमेंट स्क्रीन इसमें दी जा सकती है। अगस्त 2026 में हुए अपडेट के बाद यह एक ज्यादा व्यापक बदलाव वाला मॉडल हो सकता है।

इलेक्ट्रिक अवतार में आएगी Mahindra Thar?

Mahindra Thar EV को Vision T कॉन्सेप्ट के आधार पर विकसित किया जा रहा है। इसकी टेस्टिंग शुरू होने की खबर है। इसे पांच दरवाजों वाले इलेक्ट्रिक मॉडल के रूप में पेश किए जाने की संभावना है। हालांकि, इसकी लॉन्च टाइमलाइन अभी स्पष्ट नहीं है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article