Ankita Bhandari Murder Case: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार की शाम इंडिया पर धरना दे रहे अंकिता भंडारी के परिजनों से मुलाकात की। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित तौर पर जुड़े एक 'वीआईपी' की राजनीतिक नियुक्ति के विरोध में पीड़िता के माता-पिता धरने पर बैठे हैं।
इस बीच, कांग्रेस के सभी सांसदों को इंडिया गेट पहुंचने का संदेश भेजा गया है। यह संदेश पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से भेजा गया है। हालांकि, सांसदों को इंडिया गेट बुलाने के पीछे की वजह को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरने का कोई भी मौका गंवाना नहीं चाह रही है।
वापस घर लौटे राहुल गांधी
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अंकिता भंडारी के परिजनों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी अपने घर लौट आए हैं।
अंकिता के परिजनों से मिले राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी नेता पवन खेड़ा ने इंडिया गेट पहुंचकर अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की और उनके प्रति समर्थन जताया। कांग्रेस ने दावा किया कि वर्ष 2022 के अंकिता भंडारी हत्याकांड के सिलसिले में भाजपा के तत्कालीन उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम पर आरोप लगे थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: इंडिया गेट पर अंकिता भंडारी के परिजनों का धरना, राहुल गांधी ने पहुंचकर जताया समर्थन; प्रियंका भी साथ
अंकिता भंडारी के पिता ने दुष्यंत गौतम की नियुक्ति का विरोध करते हुए कहा कि मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की जांच पूरी होने तक उन्हें राज्यपाल नियुक्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से गौतम की नियुक्ति रोकने का अनुरोध किया और आरोप लगाया कि उन्हें सलाखों के पीछे होना चाहिए।
अंकिता के माता-पिता हत्याकांड से संबंधित कथित 'वीआईपी' की पहचान और भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठाते रहे हैं तथा मामले की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
