शहर

Chhatarpur News: फरार वारंटी ने पुलिस के जवान को दांत से काटा, जांच में निकला HIV पॉजिटिव, मचा हड़कंप

MP Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर में गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस के एक जवान को दांतों से काट लिया। इसके बाद आरोपी का ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा गया, जिसमें वह HIV पॉजिटिव पाया गया। रिपोर्ट सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)

MP Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की गिरफ्तारी कार्रवाई के दौरान आने वाले खतरों को उजागर कर दिया है। बक्सवाहा थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने हमला कर दिया। खुद को बचाने के लिए आरोपी ने एक आरक्षक को दांतों से काट लिया। बाद में जब आरोपी का ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा गया, तो वह HIV पॉजिटिव पाया गया।

मध्य प्रदेश से सामने आया सनसनीखेज मामला

जानकारी के अनुसार, बक्सवाहा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्थायी वारंटी, जो एक अन्य अपराध में भी वांछित है, क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए हाथापाई शुरू कर दी और एक आरक्षक को दांत से काट लिया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से आरोपी को काबू में किया और हिरासत में लिया।

मेडिकल परीक्षण में HIV पॉजिटिव निकला अरोपी

घटना के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच में उसके HIV पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। यह जानकारी सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर घायल आरक्षक को तत्काल सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों द्वारा आरक्षक को जरूरी दवाएं और पोस्ट-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस उपचार दिया जा रहा है।

छतरपुर एसपी ने दी घटना की जानकारी

इस पूरे मामले को लेकर छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार था और स्थायी वारंट जारी था। गिरफ्तारी के दौरान उसने आरक्षक को काट लिया था। आरोपी के HIV पॉजिटिव होने की पुष्टि के बाद आरक्षक का उपचार सागर में कराया जा रहा है। एसपी ने कहा कि पुलिस को कई बार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्रवाई करनी पड़ती है। ऐसे में आमजन का सहयोग बहुत जरूरी है, ताकि समाज में सुरक्षित वातावरण बनाया जा सके। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

(हिमांशु अग्रवाल की रिपोर्ट)

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article